Bihar News: जनता दरबार में 83 परिवादों की सुनवाई, सात दिनों में कार्रवाई का निर्देश : डीएम
संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
हाजीपुर, वैशाली।
जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) ने शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को समाहरणालय परिसर स्थित संवाद कक्ष (प्रतीक्षालय) में आयोजित जनता दरबार में आमजन की समस्याओं की सुनवाई की। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 83 परिवाद प्राप्त हुए।

जनता दरबार में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त परिवादों पर सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए कार्रवाई प्रतिवेदन जन शिकायत कोषांग को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।

प्राप्त परिवादों में राजस्व एवं भूमि सुधार, शिक्षा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अवर निबंधक, आवास, विद्युत, जिला आपूर्ति कार्यालय, आईसीडीएस, आर्म्स, स्वास्थ्य, जीविका, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामले शामिल रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मामलों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने का निर्देश दिया।

उल्लेखनीय है कि सात निश्चय-3 के अंतर्गत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत जिला, अनुमंडल, प्रखंड, थाना एवं पंचायत स्तर पर भी नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं थाना स्तर पर कुल 237 आवेदनों के अवलोकन एवं निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। जनता दरबार एक सशक्त मंच है, जिसके माध्यम से आमजन सीधे प्रशासन तक अपनी समस्याएं पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त परिवादों के निस्तारण में संवेदनशीलता एवं गंभीरता बरतते हुए निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन करें, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता दरबार कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता (प्रशिक्षु) अंकुर त्रिपाठी, अपर समाहर्ता वैशाली, अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला विकास पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, वरीय उपसमाहर्ता, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा विभाग), जिला कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।