Bihar News: टीबी मुक्त अभियान के तहत थारूहट क्षेत्र में विशेष जांच शिविर आयोजित

IMG-20260814-WA0012
Share News

संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

टीबी मुक्त अभियान के अंतर्गत पश्चिमी चंपारण जिले के थारूहट क्षेत्र में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की टीम द्वारा विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों की टीबी संबंधी जांच एवं संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही है। अभियान का उद्देश्य दूरस्थ एवं वंचित क्षेत्रों के लोगों में टीबी की शीघ्र पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है।

IMG 20260814 WA0013

इसी क्रम में गौनाहा प्रखंड की दोमाढ़ पंचायत अंतर्गत महायोगीन गांव में आरबीएसके टीम द्वारा विशेष जांच शिविर लगाया गया। शिविर में ग्रामीणों की टीबी संबंधी जांच की गई तथा संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग की गई।

वहीं, मैनाटांड़ प्रखंड के थारूहट क्षेत्र स्थित पंचायत भवन, चौहट्टा में भी विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ उन्हें टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच कराने और नियमित उपचार के प्रति जागरूक किया गया।

सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार ने कहा कि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिले के सुदूर एवं थारूहट क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समय पर टीबी की पहचान और नियमित उपचार से यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकती है।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना या रात में अधिक पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई दें तो वे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और उपचार से टीबी के प्रसार को रोकने में मदद मिलेगी।

Trending News