Bihar News : राजापाकर में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने की सभा, 21 नवंबर को पीएम मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने का दिया न्योता
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर (वैशाली)। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के बेलकुंडा चौक स्थित एसजी निकेतन के परिसर में बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आगामी 21 नवंबर को राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के जाफरपट्टी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन को लेकर लोगों को आमंत्रित किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की।

सभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि राजापाकर के लिए यह गौरव का क्षण है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जाफरपट्टी की धरती से कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में पूरे बिहार से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। इसे मेगा कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने 21 वर्षों तक नि:स्वार्थ भाव से बिहार की सेवा की है। उनके कार्यकाल में राज्य में विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। इसी योगदान के सम्मान में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नाम आदरणीय नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है। इसका उद्घाटन भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों द्वारा किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आधुनिक भारत का विश्वकर्मा बताते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में भारत तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। वहीं, बिहार में पिछले 21 वर्षों में नीतीश कुमार ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। अब सम्राट चौधरी की सरकार उनके विकास कार्यों और उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए चार चांद लगा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजापाकर क्षेत्र को जो सौगात दी है, वह अतुलनीय है। यह न केवल राजापाकर बल्कि पूरे वैशाली जिले के लिए गर्व और गौरव की बात है।

उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आग्रह किया कि आगामी 21 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में जाफरपट्टी पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करें और उनके संबोधन को सुनें। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का साक्षी बनना क्षेत्र के लोगों के लिए गौरव की बात होगी।
सभा में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष संजय कुमार, जिला पार्षद मनीष शुक्ला, रालोसपा के प्रदेश सचिव अरुण शर्मा, कुमार सौरभ, अमरेश सिंह, लालजी कुमार राकेश, पप्पू शर्मा, प्रमोद सहनी, ब्रजकिशोर कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।