Bihar News: वैशाली के जाफरपट्टी में PM मोदी के कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में, विशाल पंडाल और हेलीपैड का निर्माण तेज
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर (वैशाली)। बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र स्थित जाफरपट्टी में आगामी 21 नवंबर को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। विशाल पंडाल निर्माण के साथ हेलीपैड, पार्किंग स्थल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में प्रशासनिक अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियां जुटी हुई हैं।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला से लेकर राज्य स्तर तक के वरीय पदाधिकारियों का लगातार कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना जारी है। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी निर्माण कार्यों की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण कर रहे हैं।
अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर बनाए जा रहे विशाल पंडाल में लोगों के बैठने की व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, हेलीपैड निर्माण तथा कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। इसके साथ ही निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाओं को पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।
वहीं, एनडीए के घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जाफरपट्टी में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस औद्योगिक पार्क को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से इलाके में राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है।
फिलहाल, कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक और निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है। अब सभी की निगाहें 21 नवंबर को होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम पर टिकी हैं।