Agra News :आगरा में ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का समापन, ममता कुलकर्णी को मिला सरस्वती बाई दादा साहेब फाल्के सम्मान

IMG-20261119-WA0027
Share News

संवाददाता प्रताप सिंह आजाद

आगरा। ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के तीसरे और अंतिम दिन फिल्म, कला, संस्कृति और ग्लैमर का शानदार संगम देखने को मिला। बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री ममता कुलकर्णी की मौजूदगी ने समारोह की रौनक बढ़ा दी। तीन दिवसीय फिल्म महोत्सव का समापन भव्य पुरस्कार समारोह के साथ हुआ, जिसमें देश और विदेश से आए फिल्ममेकर्स, कलाकारों और कला जगत से जुड़ी हस्तियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को सूरज तिवारी ने सरस्वती बाई दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से नवाजा।

फेस्टिवल के तीसरे दिन सुबह से ही फिल्मों की स्क्रीनिंग का सिलसिला शुरू हो गया था। एक के बाद एक शानदार फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। किसी फिल्म ने दर्शकों को प्रेरित किया, तो किसी ने सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया। कुछ फिल्मों ने दर्शकों को भावुक किया तो कुछ ने जीवन के नए पहलुओं पर सोचने के लिए मजबूर किया। फिल्मों की स्क्रीनिंग का यह सिलसिला पूरे दिन उत्साह के साथ जारी रहा।

IMG 20261119 WA0015 scaled

लोक संस्कृति और समकालीन सिनेमा पर हुआ पैनल डिस्कशन
फिल्मों की स्क्रीनिंग के बाद पैनल डिस्कशन का आयोजन किया गया। इस सत्र का संचालन फिल्म लेखक एवं निर्देशक सूरज तिवारी ने किया। मुंबई से आईं प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं वक्ता विभा रानी मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने लोक संस्कृति और समकालीन कला के संबंध में अपने विचार साझा करते हुए कहा कि वह स्वयं लोक और समकालीन कला, दोनों की दुनिया से जुड़ी हैं और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। व्यक्ति को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहते हुए आधुनिकता को भी अपनाना चाहिए।

पैनल डिस्कशन में ब्रज के प्रसिद्ध कलाकार बाबू गप्पी, देवकांत त्यागी, सरिता यादव, शिव प्रताप सिंह और रवि परिहार ने भी अपने विचार रखे। दर्शकों ने भी वक्ताओं से कई सवाल पूछे। सवाल-जवाब के इस रोचक सत्र में कला, संस्कृति और सिनेमा के विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा हुई।

इसके बाद फिल्मों की अंतिम स्क्रीनिंग आयोजित की गई। स्क्रीनिंग समाप्त होने के बाद पुरस्कार समारोह की तैयारियां शुरू हुईं।

IMG 20261119 WA0016 scaled

बैंड-बाजे के साथ हुई ममता कुलकर्णी की भव्य एंट्री
पुरस्कार समारोह में अभिनेत्री ममता कुलकर्णी की एंट्री बैंड-बाजे के साथ बेहद शानदार अंदाज में कराई गई। उनके साथ फेस्टिवल के संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी भी मौजूद रहे। इसके बाद पांच ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणपति एवं मां सरस्वती का विधिवत पूजन किया गया और समारोह की औपचारिक शुरुआत हुई।
इस अवसर पर दुर्गा सांस्कृतिक ग्रुप, अलीगढ़ के कलाकारों ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। कलाकारों की प्रस्तुति ने समारोह में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता का सुंदर वातावरण बना दिया।
कुलपति प्रो. आशु रानी ने कला और कलाकारों को प्रोत्साहन देने पर दिया जोर

 

IMG 20261119 WA0012 scaled

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने अपने संबोधन में फिल्म फेस्टिवल के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन होते रहने चाहिए और कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने वाले कलाकारों को लगातार सम्मानित किया जाना चाहिए। ऐसे मंच कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।

ममता कुलकर्णी ने अपने हाथों से दिए सम्मान
समारोह के दौरान आयोजन से जुड़े सहयोगियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें मुंशी पन्ना के निदेशक नितिन गोयल, आद्यंत फाउंडेशन की डॉ. रेणु रावत तिवारी, मार्क के मंगल सिंह धाकड़, गोविन्द के दीपक अग्रवाल, ब्रज रिकॉर्ड्स के शिव प्रताप सिंह, अप्पन के केएम सिंघल, पूनम से सतीश अरोड़ा, मी कलेक्शन की अंजलि गोयल एवं संचित गोयल, तत्त्व से कनक गौतम, मेट्रो से बीरबल खान और मोशन के डॉ. अरुण शर्मा शामिल रहे। इन सभी को अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने अपने हाथों से पुरस्कार प्रदान किए।

IMG 20261118 WA0122 scaled

इसके बाद विभिन्न श्रेणियों में चयनित विजेता फिल्ममेकर्स को सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण में ममता कुलकर्णी के साथ देश-विदेश से आए अतिथियों ने भी भाग लिया। अमेरिका से आईं अभिनेत्री कशिश बाजपेयी, फ्रांस से आईं मरीन बोर्गो, वेनेजुएला से आए अल्फ्रेडो कैल्डेरा, इटली से आईं मारिया, मॉस्को से आईं एलेक्जेंड्रा, मुंबई से आईं अभिनेत्री विभा रानी और रंजन देबनाथ सहित कई फिल्मी हस्तियों ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

ममता कुलकर्णी के सुपरहिट गानों पर झूमे कलाकार
समारोह का सबसे भावुक और आकर्षक पल उस समय देखने को मिला, जब कलाकारों ने ममता कुलकर्णी के सुपरहिट फिल्मी गानों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। अपने लोकप्रिय गीतों पर कलाकारों को परफॉर्म करते देखकर ममता कुलकर्णी भावुक हो गईं। वह खुद मंच पर पहुंचीं और सभी कलाकारों को गले लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान समारोह में मौजूद दर्शकों ने भी तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

कई हस्तियों को मिला विशेष सम्मान
मुंबई से आए अभिनेता ज्ञानप्रकाश और रंजन देबनाथ को दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अमेरिका से आईं अभिनेत्री कशिश बाजपेयी को जूरी अवॉर्ड प्रदान किया गया। फ्रांस से आईं मरीन बोर्गो को भी जूरी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मुंबई की अभिनेत्री विभा रानी को स्पीकर अवॉर्ड दिया गया, जबकि वेनेजुएला एम्बेसी से आए अल्फ्रेडो कैल्डेरा को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।

IMG 20261119 WA0004 scaled

ममता कुलकर्णी सम्मान पाकर हुईं भावुक
समारोह का सबसे खास और यादगार क्षण वह रहा, जब सभी अतिथियों ने एक साथ मंच पर खड़े होकर बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को सम्मानित किया। उन्हें आगरा में प्रदान किए जाने वाले आठवें सरस्वती बाई दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से नवाजा गया। फेस्टिवल के संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान प्राप्त करते समय ममता कुलकर्णी काफी भावुक नजर आईं। इस पल ने समारोह को यादगार बना दिया।

अगले वर्ष बदलेगा फिल्म फेस्टिवल का स्वरूप
कार्यक्रम के अंत में फेस्टिवल के संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी ने सभी अतिथियों, फिल्ममेकर्स, कलाकारों, सहयोगी संस्थाओं और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। फेस्टिवल पैट्रन रणजीत साना ने सभी को अगले वर्ष फिर से इस आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

IMG 20261119 WA0013 scaled

इस दौरान सूरज तिवारी ने घोषणा की कि अगले वर्ष ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का स्वरूप बदला जाएगा और इसे नए अंदाज में आयोजित किया जाएगा।

इस तरह तीन दिनों तक फिल्मों की स्क्रीनिंग, विचार-विमर्श, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह से सजा ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल यादगार पलों के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन ने देश और दुनिया के फिल्मकारों को एक मंच पर लाकर सिनेमा, कला और संस्कृति के अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव को नई पहचान दी।

Trending News