Bihar News :बेतिया में सेनको गोल्ड शोरूम में दिनदहाड़े करोड़ों की लूट, कर्मचारियों को बंदूक की बट से पीटा
संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिम चंपारण। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया शहर में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। शहर के सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में बुधवार को हथियारों से लैस अपराधियों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लूट ली। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। वहीं, घटना के बाद शहर के व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार को करीब 12:30 बजे दिन की है। बताया जाता है कि छह से आठ की संख्या में हथियारबंद अपराधी अचानक शोरूम में पहुंचे। शोरूम में घुसते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया और लूटपाट शुरू कर दी।

अपराधियों ने शोरूम में रखे सोने-चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी भी लूट ली। इस दौरान जब एक कर्मचारी ने विरोध करने की कोशिश की तो अपराधियों ने उसके साथ मारपीट की और बंदूक की बट से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद सभी अपराधी लूटे गए सामान के साथ मौके से फरार हो गए।
हथियारबंद अपराधियों ने मचाया तांडव
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपराधी पूरी तैयारी के साथ शोरूम में पहुंचे थे। हथियारों के बल पर कर्मचारियों को डराकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। अचानक हुई इस घटना से शोरूम में मौजूद कर्मचारियों में भय का माहौल कायम हो गया।
घटना की खबर फैलते ही सुप्रिया रोड और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। दिनदहाड़े शहर के प्रमुख इलाके में स्थित प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम में हुई इस लूट ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
DIG-SSP ने संभाली जांच की कमान
घटना की सूचना मिलते ही चंपारण रेंज के DIG हर किशोर राय और पश्चिम चंपारण के SSP कुमार गौतम भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शोरूम का निरीक्षण किया और घटना से जुड़ी जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। शोरूम में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुलिस अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
करोड़ों की लूट की आशंका, आधिकारिक आंकड़े का इंतजार
फिलहाल लूटे गए आभूषणों और नकदी की वास्तविक कीमत का आकलन नहीं हो सका है। इस संबंध में अभी तक कोई अधिकृत जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, लूट की रकम और आभूषणों की कीमत करोड़ों रुपये में होने की आशंका जताई जा रही है।

व्यवसायियों में दहशत, अपराधियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती
बेतिया शहर के बीचोंबीच दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना से स्थानीय व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि व्यस्त इलाके में हथियारबंद अपराधियों द्वारा इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है।
फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
अब देखना होगा कि पुलिस इस बड़ी लूट की गुत्थी कब तक सुलझा पाती है और घटना में शामिल अपराधियों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।