राजापाकर में महिला पर जानलेवा हमला, पति ने गरासा से गर्दन पर किया वार
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
वैशाली जिले के राजापाकर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर एक महिला पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के पति ने चारा काटने वाले गरासा से उसकी गर्दन पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना राजापाकर थाना क्षेत्र के जाफरपट्टी पंचायत के वार्ड नंबर 11 की बताई जा रही है। घायल महिला की पहचान रहीमापुर निवासी बलिराम पासवान की पत्नी काजल कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।

बातचीत के दौरान अचानक हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को काजल कुमारी अपने ननद के भतीजे विक्की कुमार के साथ जाफरपट्टी पंचायत के वार्ड नंबर 11 स्थित एक घर पहुंची थी। इसी दौरान उसका पति बलिराम पासवान दो-तीन अन्य लोगों के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंच गया।
बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि बलिराम पासवान अचानक उग्र हो गया। उसने चारा काटने वाले गरासा से महिला की गर्दन पर वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी।
घटना के बाद आरोपी पति अपने साथ आए लोगों के साथ मौके से फरार हो गया। वहीं, महिला के साथ मौजूद विक्की कुमार भी वहां से भाग गया।
पुलिस ने गरासा और बाइक जब्त की
घटना की सूचना मिलते ही राजापाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष गौरी शंकर बैठा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा।

पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किए गए गरासा और एक बाइक को जब्त किया है।
प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की चर्चा
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिनों से काजल कुमारी और जाफरपट्टी वार्ड नंबर 11 निवासी विक्की कुमार के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का दावा है कि महिला अपने दो बच्चों के साथ विक्की कुमार के साथ चली गई थी।
बताया जाता है कि महिला का पति बलिराम पासवान इससे पहले भी विक्की कुमार के घर उसकी तलाश में पहुंचा था, लेकिन वहां न तो विक्की मिला और न ही उसकी पत्नी।
ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार सुबह बलिराम पासवान अपने दोनों बच्चों को आजमपुर से वापस घर लेकर आया। इसके बाद वह दो-तीन लोगों के साथ जाफरपट्टी वार्ड नंबर 11 पहुंचा और पत्नी से घर चलने का आग्रह किया। बताया जा रहा है कि महिला विक्की कुमार के साथ रहने की बात पर अड़ी रही। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और महिला पर हमला किए जाने की घटना सामने आई।

पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद से विक्की कुमार समेत बलिराम पासवान के परिवार के कई लोग मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
राजापाकर थानाध्यक्ष गौरी शंकर बैठा ने बताया कि घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा गया है। पीड़िता की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस घटना के कारणों, हमले में शामिल लोगों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।