बिहार: राजापाकर में अभियान बसेरा के तहत भूमिहीन परिवारों के लिए शिविर, 36 लोगों ने दिया आवेदन

IMG-20260929-WA0081
Share News

संवाददाता- राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।

वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड कार्यालय परिसर में अभियान बसेरा के तहत भूमिहीन परिवारों को वासकित पर्चा एवं जमीन उपलब्ध कराने के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से पहुंचे भूमिहीन महिला-पुरुषों ने जमीन उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया।

अंचलाधिकारी निशा यादव ने बताया कि प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में अभियान बसेरा के तहत शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में भूमिहीन परिवार जमीन एवं वासकित पर्चा के लिए अपना आवेदन दे सकते हैं। इसी क्रम में राजापाकर प्रखंड कार्यालय परिसर में भी आवेदन प्राप्त करने के लिए शिविर लगाया गया।

IMG 20260929 WA0081 scaled

शिविर में पहुंचे भूमिहीन परिवारों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। कई लोगों ने बताया कि उनके पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं है। वे दूसरे लोगों की जमीन पर झोपड़ी बनाकर रहने को मजबूर हैं। जमीन मालिकों द्वारा बार-बार झोपड़ी हटाने का दबाव बनाए जाने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।

भूमिहीन परिवारों ने यह भी बताया कि कई जगहों पर उनके घर तक आने-जाने के लिए रास्ते की सुविधा नहीं है, जिससे रोजमर्रा के आवागमन में काफी दिक्कत होती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध कराने की मांग की।

अंचल कार्यालय में कार्यरत प्रधान लिपिक राकेश रंजन ने बताया कि प्रखंड कार्यालय में आयोजित शिविर में विभिन्न पंचायतों से कुल 36 महिला-पुरुषों ने अभियान बसेरा के तहत आवेदन दिया है।

IMG 20260929 WA0078

आवेदन देने वालों में सरस्वती देवी, सकली देवी, लक्ष्मी देवी, रूपा देवी, सोनी कुमारी, लक्ष्मण राम, रामनाथ राम, जितेंद्र राम, कालिया देवी, मछिया देवी सहित कई भूमिहीन परिवार शामिल हैं।
प्रशासन की ओर से भूमिहीन परिवारों के आवेदनों की प्रक्रिया के बाद पात्र लाभार्थियों को अभियान बसेरा के तहत जमीन एवं वासकित पर्चा उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।

Trending News