मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ को ₹384.71 करोड़ की 111 विकास परियोजनाओं की दी सौगात

IMG-20260707-WA0026
Share News

संवाददाता: गुलाब चन्द्र गौतम

प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश 

प्रतापगढ़, 7 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने प्रतापगढ़ दौरे के दौरान जनपद को ₹384.71 करोड़ की 111 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बटन दबाकर 55 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 56 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में प्रतापगढ़ सदर और विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना की योजनाएं शामिल हैं।
IMG 20260707 WA0023

मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतापगढ़ अपनी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के कारण देशभर में विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि यह जनपद आंवला नगरी के रूप में प्रसिद्ध है और यहां के किसानों ने आंवले के उत्पादन से विश्व स्तर पर पहचान बनाई है। उन्होंने जगद्गुरु स्वामी करपात्री जी महाराज, जगद्गुरु कृपालु जी महाराज, मां बेल्हा देवी धाम, मां चन्द्रिका देवी धाम, भयहरणनाथ धाम और घुसमेश्वरनाथ धाम का उल्लेख करते हुए जनपद की धार्मिक महत्ता को रेखांकित किया।

IMG 20260707 WA0019

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में प्रतापगढ़ के बाबू गुलाब सिंह ने अंग्रेजों के विरुद्ध बिगुल फूंका था। उन्होंने संविधान सभा सदस्य पंडित मुनीश्वर दत्त उपाध्याय, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल तथा प्रसिद्ध साहित्यकार हरिवंश राय बच्चन की जन्मभूमि होने पर भी प्रतापगढ़ का गौरव बढ़ाने की बात कही।

IMG 20260707 WA0022

उन्होंने कहा कि नौ वर्ष पहले प्रतापगढ़ पिछड़े जिलों में गिना जाता था, लेकिन आज यह तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से युवाओं को चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।

IMG 20260707 WA0026

मुख्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में करोड़ों लोगों को निःशुल्क राशन, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा अन्य योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट” और “वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज” जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के संतुलित विकास का मार्ग प्रशस्त किया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के डेमो चेक, ओडीओपी योजना के चेक, पीएम कुसुम योजना की चाभियां, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत सिलाई मशीन, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की चाभियां, पीएम स्वनिधि योजना के स्वीकृति पत्र तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के लाभार्थियों को सहायता राशि प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का स्वागत जनप्रतिनिधियों द्वारा मां बेल्हा देवी का चित्र और आंवला उत्पाद भेंट कर किया गया। विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य एवं विधायक जीतलाल पटेल ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य, विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, विधायक जीतलाल पटेल, शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी, नगर पालिका परिषद बेल्हा की अध्यक्ष प्रेमलता सिंह, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सूचना विभाग के सांस्कृतिक दल द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।

Trending News