Agra News :आगरा में अखिल भारतीय कोली समाज ने मनाया विजयदशमी पर्व, सामाजिक बुराइयों को दूर करने का लिया संकल्प
संवाददाता प्रताप सिंह आजाद
आगरा। अखिल भारतीय कोली समाज रजि., नई दिल्ली की ओर से 20 अक्टूबर 2026 को विजयदशमी के पावन अवसर पर तोता का ताल, लोहामंडी स्थित श्री खेमेश्वर नाथ महादेव मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने और समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में संस्था के प्रदेश मंत्री मनोज माहौर कोली मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विजयदशमी पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व हमें अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है। जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने रावण का अंत कर धर्म की स्थापना की, उसी प्रकार समाज को भी नशा, जुआ, कुरीतियों और अन्य सामाजिक बुराइयों रूपी रावण का अंत करने के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे भगवान श्रीराम के आदर्शों और सदाचार के मार्ग पर चलें। अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करें, उनमें अच्छे संस्कार विकसित करें और उन्हें योग्य, शिक्षित एवं संस्कारवान नागरिक बनाने का प्रयास करें, ताकि वे समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक विजय तभी संभव है, जब युवा पीढ़ी नशे से दूर रहे, शिक्षा के प्रति जागरूक बने और अच्छे संस्कारों को अपने जीवन में अपनाए। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए, जिससे एक स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक समाज का निर्माण हो सके।
समाज के पदाधिकारी और सदस्य रहे उपस्थित

कार्यक्रम का संचालन महानगर अध्यक्ष ओम प्रकाश माहौर ने किया। इस अवसर पर महामंत्री श्याम लाल माहौर, बनवारी लाल माहौर, रवि माहौर, उपाध्यक्ष सतीश माहौर, एडवोकेट देवेंद्र माहौर, मंत्री बंटी माहौर, विष्णु माहौर, विष्णु छतरपुरिया, प्रदीप माहौर, निरंजन माहौर, सुनील माहौर, अमित माहौर, सदस्य प्रकाश माहौर, विजय माहौर सहित समाज के अन्य बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज के लोगों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने, बच्चों को बेहतर शिक्षा एवं संस्कार देने और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संदेश दिया।