Bihar न्यूज़ :बेतिया में बाढ़ से मृत तीन लोगों के आश्रितों को मिला 4-4 लाख रुपये का चेक
संवाददाता मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
पश्चिमी चंपारण जिले के योगापट्टी अंचल में बाढ़ के पानी में डूबने से जान गंवाने वाले तीन लोगों के आश्रितों को जिला प्रशासन की ओर से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की गई। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने तीनों मृतकों के आश्रितों को स्वयं चेक सौंपा और शोक-संतप्त परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
बताया गया कि योगापट्टी अंचल में बाढ़ के पानी में डूबने से शंकर राम की 29 सितंबर, किशन कुमार की 1 अक्टूबर और प्रभात कुमार की 3 अक्टूबर को दुखद मृत्यु हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कीं और नियमानुसार मृतकों के आश्रितों को सहायता राशि उपलब्ध कराई।

चेक प्रदान करने के दौरान जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन और दुख की घड़ी में जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। प्रशासन की ओर से उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने परिजनों से मिलकर उनकी स्थिति की जानकारी ली तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने परिवार के सदस्यों को भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से निर्धारित प्रावधानों के तहत मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।
चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक प्राप्त करने के बाद मृतकों के परिजनों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रशासन द्वारा की गई सहायता से उन्हें कुछ राहत मिली है।

पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार ने बताया कि चक्रीय निधि से बाढ़ में डूबने से हुई मृत्यु के मामलों में नियमानुसार मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की गई है।
इस अवसर पर वरीय उप समाहर्ता श्रीमती रोचना माद्री, प्रभारी पदाधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन शाखा श्रीमती नगमा तबस्सुम सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।