Bihar News : बेतिया में जनसुनवाई: डीएम तरनजोत सिंह ने सुनीं 71 शिकायतें, कई मामलों का मौके पर निपटारा

IMG-20261006-WA0169
Share News

संवाददाता मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए फरियादियों ने अपनी शिकायतें सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जनसुनवाई में आरती देवी, रामाशंकर दास, राघव प्रसाद, पप्पू कुमार, वीरेन्द्र चौधरी, चितरंजन सिंह, विक्रम साह, जायदा खातून, रूबी कुमारी, बृजेश यादव सहित अन्य फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

जनसुनवाई के दौरान कुल 71 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें कई शिकायतों का तत्काल मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

IMG 20261006 WA0169

इस दौरान राजस्व संबंधी मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल, सड़क एवं सड़क मरम्मत से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली और शिकायतों के समाधान के लिए दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम लोगों की शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

बताया गया कि यह जनसुनवाई कार्यक्रम राज्य सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान का हिस्सा है। अभियान का उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान करते हुए प्रशासन को अधिक पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह बनाना है।

जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्राप्त शिकायतों पर केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि उनके वास्तविक समाधान को प्राथमिकता दें। संबंधित विभागों से मामलों की प्रगति की निगरानी करते हुए समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Trending News