Bihar News: बेतिया में वेंडिंग जोन निर्माण को मिली मंजूरी, हजारी पशुमेला मैदान की सरकारी भूमि हुई चिन्हित

Share News

हजारी पशुमेला मैदान की दो सरकारी भूमि पर विकसित होगा वेंडिंग जोन, फुटपाथी दुकानदारों और शहर की यातायात व्यवस्था को मिलेगा लाभ

IMG-20260730-WA0028
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

नगर निगम क्षेत्र की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर अनधिकृत रूप से लगने वाली दुकानों तथा इससे उत्पन्न यातायात बाधाओं के स्थायी समाधान की दिशा में नगर निगम की महत्वपूर्ण पहल को मंजूरी मिल गई है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम प्रशासन की वेंडिंग जोन निर्माण योजना को प्रशासनिक सहमति प्राप्त हो गई है।

IMG 20260730 WA0028

महापौर ने बताया कि उनके प्रस्ताव पर नगर निगम बोर्ड द्वारा पारित योजना के तहत सदर अंचल कार्यालय ने हजारी पशुमेला मैदान स्थित दो सरकारी भूखंडों को वेंडिंग जोन के लिए उपयुक्त मानते हुए नगर आयुक्त को सहमति पत्र भेज दिया है।

उन्होंने बताया कि अंचल अधिकारी द्वारा भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि चयनित दोनों भूखंड बिहार सरकार की बकास्त भूमि हैं, जिन्हें वेंडिंग जोन के निर्माण के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। पत्र के अनुसार पहला भूखंड प्रखंड कार्यालय के सामने तथा दूसरा हरिवाटिका शिव मंदिर के समीप स्थित है। दोनों भूखंडों का सीमांकन, खाता, खेसरा, मौजा तथा एक-एक एकड़ से अधिक क्षेत्रफल का विवरण भी पत्र में दर्ज है।

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि नगर निगम लंबे समय से फुटपाथों और मुख्य सड़कों पर अनियोजित ढंग से लगने वाली दुकानों के कारण होने वाले जाम और आम नागरिकों की परेशानियों के स्थायी समाधान के लिए प्रयासरत था। अब वेंडिंग जोन बनने से सैकड़ों फुटपाथी एवं छोटे दुकानदारों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक स्थान पर अपना व्यवसाय करने का अवसर मिलेगा। साथ ही सड़कें अतिक्रमण मुक्त होंगी और यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारु हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन अब वेंडिंग जोन के निर्माण एवं आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास की प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाएगा, ताकि शहर में व्यवस्थित व्यापारिक व्यवस्था स्थापित हो सके और नागरिकों के साथ-साथ फुटपाथी दुकानदारों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।

महापौर ने यह भी कहा कि नगर निगम बोर्ड द्वारा पिछले वर्ष पारित प्रस्ताव पर जिला प्रशासन की सहमति मिलने से वेंडिंग जोन निर्माण का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति हार्दिक आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

Trending News