Etawah News : एडवांस्ड लीडरशिप कैंप का हुआ सफल समापन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मेडल पहनाकर किया सम्मानित

IMG-20261104-WA0109
Share News

संवाददाता:-विशाल बाबू

4 यूपी बटालियन एनसीसी, इटावा द्वारा एमनीव विज़न स्कूल में आयोजित एडवांस्ड लीडरशिप कैंप का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस कैंप का मुख्य उद्देश्य एनसीसी कैडेट्स को भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं चयन प्रक्रिया से परिचित कराना था। इसी क्रम में कैडेट्स को नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास तथा एसएसबी चयन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

IMG 20261104 WA0109
समापन अवसर पर कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश ने दिल्ली निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश निदेशालय से आए कैडेट्स के साथ विशेष संवाद किया। अपने समापन संबोधन में उन्होंने कैडेट्स के उत्साह और सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी केवल प्रशिक्षण प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं को जिम्मेदार नागरिक और कुशल नेतृत्वकर्ता बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कैडेट्स को कैंप के दौरान प्राप्त अनुभवों और सीख को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

IMG 20261104 WA0107
उन्होंने आगे कहा कि अनुशासन, दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम सफलता के प्रमुख आधार हैं। जीवन में आने वाली चुनौतियों और असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
समारोह के दौरान कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, कैंप में शामिल सभी कैडेट्स को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके प्रयासों एवं सहभागिता की सराहना की गई।
कैंप के सफल आयोजन के लिए कैंप कमांडेंट की ओर से एनसीसी निदेशालय के उन सैन्य अधिकारियों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया, जो कैडेट्स को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए कैंप में उपस्थित रहे। साथ ही, अनुभवी प्रशिक्षकों का भी धन्यवाद किया गया। इसके अतिरिक्त मेडिकल टीम, पुलिस विभाग, ए एन ओ, पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ एवं एमनीव विज़न स्कूल प्रबंधन को उनके सहयोग और व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया। सभी के समन्वय और सहयोग से कैंप का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह एडवांस्ड लीडरशिप कैंप कैडेट्स के लिए अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को विकसित करने के साथ-साथ अपने भविष्य के लक्ष्यों को लेकर नई समझ एवं अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।

कैंप समापन पर स्कूल के चेयरमैन अतिवीर सिंह यादव ने कैंप कमांडेंट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह कैंप हमारे स्कूल के लिए एकता और अनुशासन की अद्भुत मिसाल है।” वाइस चेयरमैन डॉ. विकास यादव ने कहा कि “ऐसे कैंप का आयोजन हमारे स्कूल के लिए गौरव का विषय है और यह पल हमारे स्कूल के लिए सदैव यादगार रहेगा।”
समापन की पूर्व संध्या पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें सभी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के माध्यम से कैंप का माहौल उत्साह और उल्लास से भर गया। कैंप के समापन के पश्चात दिल्ली निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश निदेशालय से आए सभी कैडेट्स अपने पीआई स्टाफ एवं एएनओ के साथ अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इस प्रकार एडवांस्ड लीडरशिप कैंप यादगार अनुभवों और नई सीख के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Trending News