Bihar News: वाल्मीकिनगर में भारत-नेपाल सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त बैठक, सीमा पर चौकसी बढ़ाने पर जोर

Share News

वाल्मीकिनगर में भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए एसएसबी, बिहार पुलिस, नेपाल एपीएफ और नेपाल पुलिस के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक के बाद दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने गंडक बराज एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त गश्त कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।

IMG-20260730-WA0030
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पश्चिमी चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कैंप परिसर में गुरुवार को भारत और नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने गंडक बराज एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त गश्त कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।

IMG 20260730 WA0030

बैठक में नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ), नेपाल पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) तथा बिहार पुलिस के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान सीमा क्षेत्र में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों की रोकथाम, आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने, मादक पदार्थों एवं अन्य अवैध सामानों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने, अवैध हथियारों की आवाजाही रोकने तथा सीमा पार होने वाले अपराधों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

IMG 20260730 WA0029

बैठक में दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, खुफिया सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने तथा संयुक्त कार्रवाई को और प्रभावी बनाने पर भी सहमति बनी।

बैठक के उपरांत भारत और नेपाल के सुरक्षा बलों ने गंडक बराज एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त गश्त की। इस दौरान संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया गया, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई तथा सीमा पर सतर्कता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

एसएसबी के इंस्पेक्टर लोकेश बनिया ने बताया कि स्थानीय सीमा क्षेत्र में तैनात सभी प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां लगातार आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य कर रही हैं।

Trending News