संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण।
आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन को लेकर नगर आयुक्त सुश्री शिवाक्षी दीक्षित की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर विकास कुमार, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती रोचना माद्री, प्रभारी पदाधिकारी, जिला सामान्य शाखा श्रीमती नगमा तबस्सुम, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल कमलेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त सुश्री शिवाक्षी दीक्षित ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और सम्मान का पर्व है। इस अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों का संचालन पूरी गरिमा, अनुशासन एवं सुव्यवस्थित तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समारोह स्थल पर आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को समारोह स्थल की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, बैरिकेडिंग, मंच, शौचालय, पार्किंग एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन करने को कहा, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह का सफल, शांतिपूर्ण एवं भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान समारोह से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों ने अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी भी नगर आयुक्त को दी।