संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण।
गौनाहा थाना क्षेत्र के कालापाकड़ी गांव में मंगलवार की सुबह एक महिला का शव जामुन के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कालापाकड़ी गांव के वार्ड संख्या 14 निवासी जमादार मांझी की करीब 40 वर्षीय पत्नी रजनी देवी के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि पहकौल गांव से कालापाकड़ी जाने वाली मुख्य सड़क के पश्चिम स्थित बोरिंग सरेह में नागेश्वर काजी के गन्ने के खेत के समीप ग्रामीणों ने महिला का शव पेड़ से लटका देखा। महिला के गले में साड़ी का फंदा लगा हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही गौनाहा पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को इसकी सूचना दी। एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। इसके बाद पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और मृतका के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
परिजनों के अनुसार, सोमवार की रात करीब आठ बजे मृतका रजनी देवी और उसकी पुत्री संतरेशा देवी के साथ उसके पट्टीदार सकल मांझी, शंभू मांझी और सुकई मांझी द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई थी। सूचना मिलने पर रात करीब 10 बजे डायल-112 की टीम कालापाकड़ी पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
परिजनों का कहना है कि इसके बाद रजनी देवी अचानक घर से गायब हो गई। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह खेत-खलिहान की ओर गए ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से लटका हुआ देखा।
मृतका के पति जमादार मांझी ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी की हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटका दिया गया है। वहीं, एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना की सूचना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की काफी भीड़ जुट गई। गौनाहा की प्रभारी थानाध्यक्ष मधु कुमारी ने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से अभी तक थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।