Etawah News: चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा युवक तमंचे समेत गिरफ्तार
ब्यूरो संवाददाता
इटावा। थाना बकेवर पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने औरैया-इटावा हाईवे पर आमहार मोड़ के पास संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरजीत (19) पुत्र सुनील, निवासी कोकपुरा, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा बताया। उसने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है और पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं एवं आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।