Etawah News : मेजर जनरल गौरव गौतम ने NCC CADETS को दिए सफलता के मूलमंत्र
संवाददाता:- विशाल बाबू
4 यूपी बटालियन एनसीसी, इटावा के तत्वावधान में एमनीव विज़न स्कूल में आयोजित एडवांस्ड लीडरशिप कैंप के दौरान एक प्रेरणादायक सत्र का आयोजन किया गया। कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश ने बताया कि इस अवसर पर मेजर जनरल गौरव गौतम, वीएसएम, अतिरिक्त महानिदेशक, एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कैडेट्स से सीधा संवाद किया।

अपने संबोधन में मेजर जनरल गौरव गौतम ने युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के लिए सफलता के दस मूलमंत्र साझा किए। उन्होंने कैडेट्स को भयमुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अपने कार्यों के प्रति ईमानदार एवं कर्तव्यनिष्ठ रहने और नैतिक मूल्यों का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने आत्मसम्मान के साथ दूसरों का आदर करने, सकारात्मक सोच बनाए रखने और अपनी टीम का मनोबल बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई का उद्देश्य केवल परीक्षा पास करना नहीं, बल्कि विषयों को समझकर वास्तविक ज्ञान अर्जित करना होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कैडेट्स को अपने आसपास की परिस्थितियों के प्रति सजग रहने और सही समय पर उचित निर्णय लेने के लिए सामान्य बुद्धि (कॉमन सेंस) का प्रभावी उपयोग करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत रहने को एक अच्छे नेतृत्वकर्ता की महत्वपूर्ण विशेषता बताया। साथ ही कैडेट्स को अपनी खूबियों और कमजोरियों को पहचानने तथा कमजोरियों को अपनी ताकत में बदलने के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी। उन्होंने टीम भावना, आपसी सहयोग और पूरे जोश एवं उत्साह के साथ मिलकर काम करने को सफलता के लिए आवश्यक बताया।
मेजर जनरल गौरव गौतम के इस प्रेरक संवाद से शिविर में उपस्थित कैडेट्स में नया उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश ने इस सत्र को कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। इस वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा किए गए सम्बोधन में कर्नल मनु तिवारी (सेना मेडल), कर्नल निशांत बरियार और लेफ्टिनेंट कर्नल अंकित प्रकाश भी उपस्थित रहे। जो कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से यहाँ पहुँचकर केडेट्स को उच्च स्तर का प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।

इन वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने कैडेट्स को भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त करने के अवसरों, एसएसबी चयन प्रक्रिया, आवश्यक योग्यताओं, अनुशासन और सामरिक दृष्टिकोण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने एक सफल सैन्य अधिकारी बनने के लिए आवश्यक नेतृत्व गुणों को समझाते हुए युवाओं को रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से तैयार रहने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एनसीसी के 300 कैडेट्स एनसीसी अधिकारी एवं पी आई स्टाफ उपस्थित रहे।