बिहार /वैशाली : बगहा में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे सांसद पप्पू यादव, तटबंध टूटने पर सरकार और विभाग पर साधा निशाना

IMG-20260929-WA0085
Share News

संवाददाता मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिम चंपारण।

पश्चिम चंपारण जिले के बगहा-1 प्रखंड के खैरटवा में चंपारण तटबंध टूटने की सूचना पर मंगलवार को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त तटबंध का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री एवं आर्थिक सहायता भी वितरित की। उनके साथ बगहा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी सह समाजसेवी जयेश मंगल सिंह भी मौजूद रहे।

तटबंध टूटने पर सरकार और विभाग पर उठाए सवाल
सांसद पप्पू यादव ने चंपारण तटबंध के तीन स्थानों पर टूटने को लेकर सरकार और विभागीय व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हर वर्ष एंटी एरोजन और फ्लड फाइटिंग के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, इसके बावजूद तटबंध सुरक्षित नहीं रह पा रहा है।

उन्होंने तटबंध टूटने के लिए जिम्मेदार अभियंताओं और अधिकारियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। सांसद ने वर्ष 2024 के बाद वर्ष 2026 में भी तटबंध टूटने का जिक्र करते हुए कहा कि बगहा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।

IMG 20260929 WA0085

हजारों एकड़ फसल प्रभावित होने की बात
पप्पू यादव ने कहा कि वाल्मीकिनगर-बगहा क्षेत्र हर वर्ष बाढ़ की गंभीर स्थिति का सामना करता है। बाढ़ के कारण हजारों एकड़ फसल प्रभावित होती है और ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने तटबंधों की स्थायी सुरक्षा के लिए गाइड बांध और ठोकर निर्माण कराने तथा नदी में जमा गाद की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। उनका कहना था कि केवल अस्थायी उपायों से हर साल पैदा होने वाली बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता।

नाव, मेडिकल सुविधा और कम्युनिटी किचन की मांग
सांसद ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने प्रशासन से पर्याप्त संख्या में नाव उपलब्ध कराने, मेडिकल सुविधाएं बढ़ाने और प्रभावित इलाकों में कम्युनिटी किचन संचालित करने की मांग की।
उन्होंने वर्ष 2024 और 2026 में तटबंध टूटने की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जांच के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों और अभियंताओं पर कार्रवाई की मांग भी रखी।

बगहा-वाल्मीकिनगर को राष्ट्रीय आपदा क्षेत्र घोषित करने की मांग
पप्पू यादव ने सरकार से बगहा और वाल्मीकिनगर क्षेत्र को राष्ट्रीय आपदा क्षेत्र घोषित करने की मांग की। उन्होंने बाढ़ प्रभावित किसानों का पांच वर्ष का ऋण माफ करने तथा फसल और अन्य संपत्ति को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुई क्षति का ड्रोन और एआई तकनीक के माध्यम से सर्वे कराया जाना चाहिए, ताकि वास्तविक नुकसान का सटीक आकलन हो सके। इससे प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और उचित क्षतिपूर्ति देने में मदद मिल सकेगी।

सड़क मार्ग से कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा
सांसद पप्पू यादव ने सड़क मार्ग से पश्चिम चंपारण के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं के समाधान और प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए सरकार और प्रशासन को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। सांसद ने तटबंधों की सुरक्षा, राहत व्यवस्था और बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार करने पर भी जोर दिया।

Trending News