Bihar News:बगहा में बाढ़ पीड़ितों का दर्द सुनने पहुंची माले जांच टीम, सरकार से राहत और मुआवजे की मांग
संवाददाता – मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिम चंपारण।
पश्चिम चंपारण के बगहा-2 प्रखंड में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने पहुंची भाकपा माले की जांच टीम ने कई प्रभावित गांवों का दौरा किया। टीम ने मंगलपुर, रोहुआ टोला, भेड़ियारी, गोदाम टोला और लक्ष्मीपुर समेत कई इलाकों में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से उनकी समस्याएं सुनीं।
बाढ़ प्रभावित लोगों ने जांच टीम को बताया कि रोहुआ टोला, चकदहवा और गोदाम टोला में पिछले चार दिनों से राहत और बचाव कार्य का अभाव है। ग्रामीणों के मुताबिक गांवों में छाती तक पानी पहुंच गया है। घरों में रखा चावल, गेहूं और अन्य अनाज पानी में सड़कर बर्बाद हो गया है। कई लोगों के अल्बेस्टर और टाट से बने घर भी गिर गए हैं।

भाकपा माले ने आरोप लगाया कि बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त राहत नहीं मिल रही है। पार्टी नेताओं के मुताबिक रोहुआ टोला में सड़क पर रहने को मजबूर लोगों को अब तक केवल करीब ढाई सौ ग्राम चूड़ा मिला है। वहीं, चकदहवा और अन्य टोलों में हालात और भी खराब बताए गए हैं।
जांच टीम ने लक्ष्मीपुर और भेड़ियारी पंचायत समेत सभी बाढ़ प्रभावित इलाकों के पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत देने की मांग की है। माले ने प्रत्येक बाढ़ पीड़ित परिवार को एक क्विंटल अनाज और दस हजार रुपये की सहायता देने की मांग की। साथ ही किसानों की बर्बाद हुई फसल और अनाज का मुआवजा देने तथा जिन लोगों के मकान टूट गए हैं, उनके लिए पक्के मकान बनवाने की मांग की गई।
जांच टीम का नेतृत्व कर रहे भाकपा माले नेता और सिकटा के पूर्व विधायक वीरेंद्र गुप्ता ने गंडक नदी की बाढ़ को लेकर सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि हर साल बाढ़ के बाद राहत और निर्माण कार्यों के नाम पर सरकारी धन की लूट होती है।
वीरेंद्र गुप्ता ने गंडक की बाढ़ से स्थायी समाधान के लिए गाद की सफाई, मदनपुर-पनियहवा के बीच वाल्मीकिनगर तक रेल-सह-बांध निर्माण और बगहा से राजवाटिया तक बांध निर्माण की मांग रखी।
वहीं, इंकलाबी नौजवान सभा के नेता फरहान राजा ने कहा कि राजवाटिया बांध का टूटना बरसात से पहले बाढ़ की तैयारी में लापरवाही का परिणाम है।

जांच टीम में शामिल भाकपा माले के अनुमंडल सचिव परशुराम यादव, बगहा सचिव भिखारी प्रसाद और किसान नेता सुजायत अंसारी ने घोषणा की कि बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं और राहत की मांग को लेकर 1 अक्टूबर 2026 को बगहा अंचल और अनुमंडल कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।
बगहा में बाढ़ के बीच राहत और पुनर्वास को लेकर भाकपा माले ने सरकार से तत्काल सहायता की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत और पुनर्वास को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।