Bihar News : बिहार: राजापाकर में भाकपा माले ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका, SIR रद्द करने की मांग
संवाददाता राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
राजापाकर प्रखंड में भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर मार्च निकाला और शनिचर हाट चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध सभा की। कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा माले के राजापाकर प्रखंड सचिव कॉमरेड सुमन कुमार और वैशाली जिला सचिव कॉमरेड योगेंद्र राय ने किया।
कार्यकर्ताओं ने भुनेश्वर चौक से मार्च शुरू किया, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए शनिचर हाट चौक पहुंचा। यहां पुतला दहन के बाद सभा आयोजित की गई।

सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यशैली पर सवाल उठाए। नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में मनमानी और संवैधानिक प्रावधानों की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं।
भाकपा माले नेताओं ने SIR को रद्द करने, SIR के दौरान हटाए गए मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने तथा कथित रूप से गलत तरीके से जोड़े गए नामों की जांच कर उन्हें हटाने की मांग की। इसके साथ ही चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित वर्तमान व्यवस्था में बदलाव करने और नियुक्ति प्रक्रिया में भारत के मुख्य न्यायाधीश को शामिल करने की मांग भी उठाई गई।
नेताओं ने SIR के बाद हुए बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों को रद्द कर पुनः चुनाव कराने की मांग भी रखी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

प्रदर्शन में गोपाल पासवान, मानती देवी, मालती देवी, कृष्णा देवी, राम निवास प्रसाद यादव, राम बहादुर राय, राम इकबाल सिंह, विनोद राम, महेश राय, कामेश्वर साह, प्रेम लाल मांझी, कामेश्वर पासवान, सुरेश चौधरी, ब्रज किशोर शाह, अकबर साह, राम चंद्र सहनी, शाह कामेश्वर साह सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाकपा माले नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।