Bihar News: राजापाकर की विभिन्न पंचायतों में गांधी जयंती पर ग्राम सभा, विकास योजनाओं पर हुई चर्चा
संवाददाता राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
राजापाकर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने दोनों महापुरुषों के तैलचित्र पर पुष्प एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजापाकर उत्तरी पंचायत के पंचायत भवन परिसर में ‘जन योजना अभियान—सबकी योजना, सबका विकास’ के तहत एकीकृत रिफॉर्म उत्सव के आयोजन एवं ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने को लेकर ग्राम सभा आयोजित की गई। ग्राम सभा की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया सरिता पटेल ने की।

ग्राम सभा में पंचायत के सभी वार्डों के वार्ड सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने अपने-अपने क्षेत्र की आवश्यकताओं से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं एवं समस्याओं को ग्राम सभा में रखा। इन प्रस्तावों को ग्राम सभा के रजिस्टर में दर्ज किया गया, जिन्हें वर्ष 2027-28 की ग्राम पंचायत विकास योजना में शामिल कर प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
इस अवसर पर मुखिया सरिता पटेल के अलावा मुकेश पटेल, राजेश राम, पंचायत समिति सदस्य तपसी प्रसाद सिंह, विनोद कुमार, महेश कुमार शाह, धर्मेंद्र कुमार, उमेश कुमार, धीरज पटेल सहित कई ग्रामीण एवं पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
वहीं, राजापाकर दक्षिणी पंचायत के पंचायत भवन परिसर में भी ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर पुष्प एवं माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद महात्मा गांधी की दैनिक प्रार्थना ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन किया गया।

ग्राम सभा की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया प्रमिला देवी ने की। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने अपने-अपने वार्ड एवं पंचायत के विभिन्न गांवों से संबंधित विकास योजनाओं और आवश्यकताओं को ग्राम सभा के रजिस्टर में दर्ज कराया। ग्रामीणों द्वारा दिए गए प्रस्तावों के आधार पर पंचायत की आगामी विकास योजनाओं को तैयार करने पर चर्चा की गई।
मौके पर मुखिया प्रमिला देवी, रणजीत कुमार, पंचायत सचिव ऋतुराज कुमार, रणबीर कुमार, देवेंद्र प्रसाद सिंह सहित पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं के चयन और प्राथमिकता तय करने में भागीदारी का अवसर मिला। पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से विकास कार्यों के लिए अपनी आवश्यकताओं और सुझावों को ग्राम सभा के माध्यम से सामने रखने की अपील की।