Bihar News: शिक्षक डॉ. रणधीर कुमार को पीएचडी की उपाधि मिलने पर विद्यालय में किया गया सम्मानित

IMG-20260530-WA0023
Share News

संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।

प्रखंड क्षेत्र के राजापाकर दक्षिणी पंचायत स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बनघरा (राजापाकर) में पदस्थापित शिक्षक डॉ. रणधीर कुमार को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर से पीएचडी की उपाधि प्राप्त होने पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

IMG 20260530 WA0023 scaled

समारोह में विद्यालय के प्रधानाध्यापक गोविंद कुमार सिंह, शिक्षक वीरचंद्र पंडित, जितेंद्र कुमार राम, गुड्डी कुमारी, संजीव कुमार, शिवानी कुमारी, चंद्र प्रकाश, श्वेता कुमारी तथा सुजीत कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने डॉ. रणधीर कुमार को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

प्रधानाध्यापक गोविंद कुमार सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा की कोई सीमा नहीं होती। व्यक्ति जितनी उच्च शिक्षा प्राप्त करता है, उसके लिए उतने ही अधिक अवसर उपलब्ध होते हैं। उन्होंने छात्रों से डॉ. रणधीर कुमार के शैक्षणिक जीवन से प्रेरणा लेने तथा उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में डॉ. रणधीर कुमार ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, वैशाली से हुई। इसके बाद उन्होंने स्नातक एवं स्नातकोत्तर की पढ़ाई बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर से पूर्ण की। उच्च शिक्षा के प्रति निरंतर समर्पण के चलते उन्होंने पीएचडी से पूर्व इसी विश्वविद्यालय से एम.फिल. की उपाधि भी प्राप्त की।

उन्होंने बताया कि उनके शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन की शुरुआत वर्ष 2014 में उच्च विद्यालय बखरी दोआ, चेहराकला में टीजीटी (अंग्रेजी) शिक्षक के रूप में हुई थी। वर्ष 2023 में बीपीएससी के माध्यम से उनका चयन प्लस-टू कैडर में हुआ। वर्तमान में वे राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बनघरा में अंग्रेजी शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।

डॉ. रणधीर कुमार ने बिहार विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर अंग्रेजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. बी.एस. राय के कुशल निर्देशन में अपना शोध कार्य पूर्ण कर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। मूल रूप से वैशाली जिले के महुआ प्रखंड अंतर्गत सिहरा फुदेनी चौक निवासी डॉ. रणधीर कुमार की इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि से उनके गांव एवं विद्यालय में खुशी का माहौल है।

विद्यालय परिवार, ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Trending News