Bihar News : वैशाली के विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी आयोजित, स्वच्छता को संस्कृति बनाने पर दिया गया जोर

IMG-20261101-WA0007
Share News

संवाददाता: राजेन्द्र कुमार राजापाकर, वैशाली (बिहार)।

बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड के विभिन्न राजकीय प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसी क्रम में पीएमश्री मध्य विद्यालय राजापाकर एवं राजकीय मध्य विद्यालय बेलकुंडा में भी अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का सफल आयोजन हुआ। संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘स्वच्छता हमारी संस्कृति’ रखा गया। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अभिभावकों, विद्यालय के शिक्षकों एवं स्थानीय प्रबुद्धजनों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के सर्वांगीण विकास और दैनिक जीवन में स्वच्छता के महत्व पर चर्चा के साथ हुई। शिक्षकों ने अभिभावकों से संवाद करते हुए कहा कि विद्यालय और परिवार दोनों मिलकर ही बच्चों को बेहतर भविष्य दे सकते हैं। बचपन से ही बच्चों में साफ-सफाई की आदत विकसित की जाए तो यह आगे चलकर उनके जीवन और व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बन जाती है।

IMG 20261101 WA0008

संगोष्ठी में बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षकों ने बताया कि बच्चों को भोजन करने से पहले और बाद में हाथ धोने, नियमित रूप से साफ-सफाई रखने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित करना जरूरी है।
इसके साथ ही कचरा प्रबंधन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों एवं बच्चों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, घर और विद्यालय परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाने तथा ‘रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल’ की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना की। उन्होंने संकल्प लिया कि वे शिक्षकों के साथ मिलकर बच्चों में स्वच्छता की आदत विकसित करेंगे और उनके शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास में पूरा सहयोग देंगे।
विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक प्रमोद कुमार सहनी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक संस्कृति का हिस्सा बननी चाहिए। जब अभिभावक, शिक्षक और समाज मिलकर इस दिशा में प्रयास करेंगे, तभी बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव हो सकेगा।
संगोष्ठी के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने घर, विद्यालय और आसपास के परिवेश को स्वच्छ एवं हरा-भरा रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

IMG 20261101 WA0008 1

कार्यक्रम में पीएमश्री मध्य विद्यालय राजापाकर के प्रभारी प्रधानाध्यापक देवानंद दास सहित धर्मेंद्र कुमार, दिलीप कुमार, राजेश कुमार, गीता कुमारी, प्रेमशिला कुमारी, नेहा कुमारी एवं शीला कुमारी उपस्थित रहीं।
वहीं, राजकीय मध्य विद्यालय बेलकुंडा की ओर से सुषमा कुमारी, प्रमोद कुमार, शशिकान्त चतुर्वेदी, शरबत प्रवीण, गायत्री कुमारी एवं अंजली कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ संगोष्ठी का समापन हुआ।

Trending News