Agra News : बिहार के पश्चिमी चंपारण में मिठाई दुकानों और होटलों पर औचक जांच, 13 दुकानें बंद करने का निर्देश
संवाददाता: मोहन सिंह बेतिया/पश्चिमी चंपारण (बिहार)।
बेतिया। आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर पश्चिमी चंपारण जिले के सभी अनुमंडलों में एक साथ विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मिष्ठान प्रतिष्ठानों, स्वीट मेकिंग यूनिट, होटलों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव, रसोई की स्थिति और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की गहनता से पड़ताल की गई।
जिले में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों ने किया। बेतिया सदर अनुमंडल में एसडीएम विकास कुमार, नरकटियागंज अनुमंडल में एसडीएम अभिजीत गोविन्दा तथा बगहा अनुमंडल में एसडीएम चांदनी कुमारी के नेतृत्व में जांच की गई।

बेतिया में मिठाई दुकानों और गोदामों की जांच
बेतिया सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने शहर स्थित किशन स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट एवं अरोड़ा स्वीट्स के साथ उनके स्वीट मेकिंग यूनिट और गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव, रसोई की स्थिति और निर्धारित स्वच्छता मानकों के अनुपालन की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गईं। इस पर संबंधित संचालकों को कमियों को तत्काल दूर करने और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई। साथ ही कमियों को लेकर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, बेतिया भी उपस्थित रहे।
बगहा में 13 दुकानें बंद करने का निर्देश
वहीं, बगहा अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी ने अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न होटलों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर 13 दुकानों को बंद करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा निर्धारित मानकों के अनुरूप साफ-सफाई नहीं पाए जाने पर 8 दुकानों को नोटिस जारी किया गया। वहीं, एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री करते पाए जाने पर एक अन्य दुकान को भी नोटिस दिया गया।
प्रशासन ने सभी संबंधित दुकानदारों को निर्देश दिया कि वैध खाद्य लाइसेंस प्राप्त करने और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के बाद ही प्रतिष्ठानों का संचालन दोबारा शुरू किया जा सकेगा।

आगे भी जारी रहेगा औचक निरीक्षण अभियान
अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने कहा कि मिष्ठान प्रतिष्ठानों, स्वीट मेकिंग यूनिट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेगा। आगामी निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रहित किए जाएंगे और उन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट में खाद्य गुणवत्ता से संबंधित अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, अभियान का उद्देश्य जिले के लोगों को मिलावटरहित, स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।