Etawah News: स्वतंत्रता दिवस पर 4 यूपी बटालियन में शौर्य और राष्ट्रभक्ति का संगम, कैडेट्स ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
संवाददाता :विशाल बाबू
कर्नल सुधांशु द्विवेदी ने फहराया तिरंगा, एनसीसी कैडेट्स ने दिया गरिमापूर्ण गार्ड ऑफ ऑनर
इटावा : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 4 यूपी बटालियन एनसीसी, इटावा के बटालियन परिसर में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और गौरवपूर्ण वातावरण के बीच स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। तिरंगे की शान और राष्ट्रप्रेम की भावना के बीच आयोजित समारोह ने उपस्थित सैन्य अधिकारियों, जवानों एवं एनसीसी कैडेट्स में देशसेवा के संकल्प को और प्रबल किया।
समारोह में बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुधांशु द्विवेदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासित एवं गरिमापूर्ण ढंग से राष्ट्रध्वज को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। जैसे ही तिरंगा आसमान में लहराया, पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति की भावना से गूंज उठा। उपस्थित अधिकारियों, सैनिकों और कैडेट्स ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा एवं समर्पण व्यक्त किया।

इस अवसर पर कर्नल सुधांशु द्विवेदी ने सभी अधिकारियों, सैनिकों एवं कैडेट्स को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता का यह पर्व हमें उन असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने राष्ट्र की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है।
उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना को विकसित करता है। उन्होंने कैडेट्स का आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करें तथा अपने आचरण और कर्मों से राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
कर्नल द्विवेदी ने कहा कि विकसित, सशक्त, आत्मनिर्भर और एकजुट भारत का निर्माण देश के युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना संभव नहीं है। एनसीसी कैडेट्स देश की युवा शक्ति के प्रतिनिधि हैं और उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपार क्षमता है। उन्होंने कैडेट्स से देश की एकता, अखंडता और गौरव को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कैडेट्स ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा तथा देशहित में सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश, सूबेदार मेजर कपिल देव (सेना मेडल) सहित प्रशिक्षण स्टाफ, सिविल स्टाफ, क्लर्क स्टाफ एवं बटालियन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह ने स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव को अनुशासन, गौरव और राष्ट्रसेवा की भावना से सार्थक बना दिया।