Etawah News: विविध वेशभूषा प्रतियोगिता में बच्चों ने मोहा मन

Picsart_26-10-07_06-50-45-522
Share News

ब्यूरो संवाददाता 

इटावा। भारत विकास परिषद इटावा तुलसी द्वारा सांस्कृतिक पखवाड़े के अंतर्गत रिनैसा एकेडमी, पक्का बाग में विविध वेशभूषा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सर्वेश सिंह चौहान एवं विद्यालय के प्रबंधक उदयवीर सिंह ने भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

विद्यालय के प्रबंधक उदयवीर सिंह ने अतिथियों का रोली-चंदन लगाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि सर्वेश सिंह चौहान ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को भारतीय संस्कृति, इतिहास और महापुरुषों के जीवन से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। वेशभूषा केवल बाहरी स्वरूप नहीं, बल्कि संस्कार और विचारों की अभिव्यक्ति भी है।

प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने महात्मा गांधी, रानी लक्ष्मीबाई, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, कृष्ण-सुदामा और भारत माता सहित विभिन्न ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पात्रों का रूप धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। देशभक्ति गीतों एवं लोकनृत्य ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया।

भारतीय किसान संघ की प्रांतीय संयोजिका एवं विशिष्ट अतिथि सुशीला राजावत ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इनका निरंतर आयोजन होना चाहिए।

प्रतियोगिता में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के स्वरूप में याचना ने प्रथम, भगत सिंह के स्वरूप में रुद्र ने द्वितीय तथा कृष्ण के स्वरूप में अर्नव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का संचालन शाखा की संस्कार गतिविधि संयोजक नीलिमा चौधरी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में प्रीतम खन्ना, डॉ. ध्रुव कुमार गुप्ता, नीलिमा चौधरी, शशि दीक्षित, अनीता वर्मा, संगीता सिंह, मंजू सिंह, अंजू चौधरी, पंकज कुमार सिंह चौहान सहित तुलसी शाखा के सदस्यों एवं विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा।

 

समापन पर विद्यालय के प्रबंधक उदयवीर सिंह ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

Trending News