पश्चिम चम्पारण में भूकम्प आपदा से निपटने की तैयारी तेज, टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित, 26 फरवरी को होगा फुल स्केल मॉक ड्रिल

IMG-20260225-WA0051
Share News

Bihar News । बेतिया, पश्चिम चम्पारण । संवाददाता मोहन सिंह

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में पश्चिम चम्पारण जिले में भूकम्प आपदा से निपटने की तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को टेबल टॉप एक्सरसाइज (फिजिकल) का आयोजन किया गया। इस अभ्यास के माध्यम से 26 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले फुल-स्केल भूकम्प मॉक ड्रिल का पूर्वाभ्यास किया गया।

IMG 20260225 WA0051

अभ्यास में प्रशासनिक अधिकारियों, आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों ने भाग लेते हुए आपदा के समय समन्वय, त्वरित राहत-बचाव कार्य एवं संसाधनों की उपलब्धता को लेकर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि 26 फरवरी को जिले के कुल 07 चिन्हित स्थानों पर एक साथ भूकम्प आपदा पर आधारित सिमुलेशन अभ्यास किया जाएगा, जिससे वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

जिले में चिन्हित 7 सिमुलेशन साइट
बेतिया शहर (05 स्थल)

• उत्क्रमित उच्च विद्यालय, शेखौना (मोतिहारी रोड)
• राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, बेतिया
• समाहरणालय भवन, बेतिया
• ऑफिसर कॉलोनी, बेतिया
• जूडियो शॉपिंग कॉम्पलेक्स, बेतिया

बगहा अनुमंडल (02 स्थल)

• विनायक पेट्रोल पम्प, बगहा-01
• फ्लाईओवर, अनुमंडल कार्यालय के समीप, बगहा-02

इन सभी स्थानों पर भूकम्प से उत्पन्न आपात स्थिति का सिमुलेशन कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।
हवाई अड्डा परिसर बनेगा स्टेजिंग एरिया एवं राहत केंद्र
मॉक अभ्यास के दौरान बेतिया हवाई अड्डा परिसर को स्टेजिंग एरिया घोषित किया गया है, जहां सभी आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों, रेस्क्यू उपकरणों, एम्बुलेंस एवं दमकल वाहनों का समन्वय किया जाएगा।

यहां अस्थायी राहत केंद्र भी स्थापित होगा, जहां :

• प्राथमिक उपचार
• भोजन एवं पेयजल
• अस्थायी आवासन की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।
नागरिकों से अपील: मॉक ड्रिल के दौरान न घबराएं
अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) अनिल कुमार सिन्हा ने आम नागरिकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि 26 फरवरी को आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट न फैलाएं। यह पूर्णतः पूर्व निर्धारित अभ्यास है।

प्रभारी पदाधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन शाखा श्रीमती नगमा तबस्सुम ने सभी संबंधित विभागों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आपातकालीन सेवाओं को मॉक ड्रिल सफल बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) अनिल कुमार सिन्हा, जिला आपदा प्रबंधन शाखा की प्रभारी पदाधिकारी नगमा तबस्सुम, एसडीआरएफ टीम कमांडर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Trending News