Bihar News: आधी रात को तीन दुकानों में शटर काटकर चोरी, दो दुकानों से नकदी ले उड़े चोर

Share News

वैशाली के बरांटी थाना क्षेत्र के अजमतपुर में आधी रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। दो दुकानों से करीब ₹65 हजार नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी में कैद होने के बाद पुलिस जांच में जुटी।

IMG-20260730-WA0004
Share News

संवाददाता : राजेन्द्र कुमार

अजमतपुर, वैशाली।

बरांटी थाना क्षेत्र के अजमतपुर गांव में बुधवार देर रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए शटर काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दो दुकानों से कुल लगभग ₹65,000 की नकदी लेकर फरार हो गए, जबकि एक अन्य दुकान में भी चोरी का प्रयास किया गया।

IMG 20260730 WA0004

जानकारी के अनुसार, अंधरबाड़ा पंचायत के वर्तमान मुखिया पंकज शर्मा की गिट्टी, बालू, सीमेंट एवं छड़ की दुकान का शटर काटकर चोरों ने गल्ले में रखे लगभग ₹45,000 नकद चोरी कर लिए। पंकज शर्मा ने बताया कि सुबह जब वह दुकान पहुंचे तो शटर कटा हुआ देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। जांच करने पर गल्ले से नकदी गायब मिली। हालांकि दुकान में रखा अन्य सामान सुरक्षित था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पंकज शर्मा की दुकान के बगल स्थित एक किराना दुकान का भी शटर काटकर लगभग ₹20,000 नकद चोरी कर लिया गया। इसके अलावा तीसरी दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया।

घटना की सूचना मिलते ही बरांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

पंकज शर्मा ने बताया कि उनकी दुकान थाना से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर मुख्य सड़क पर स्थित है। उनका कहना है कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती होने के बावजूद इस तरह तीन दुकानों में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बरांटी थाना क्षेत्र में पहले भी इस प्रकार की घटनाएं हो चुकी हैं।

स्थानीय लोगों का दावा है कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Trending News