Bihar News :भारत-नेपाल सीमा पर उर्वरक की कालाबाजारी रोकने को SSB और कृषि विभाग की बैठक
संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। वासंतिक (रबी) मौसम में उर्वरकों की कालाबाजारी एवं अवैध तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से भारत-नेपाल सीमा स्थित सिकटा कैंप में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के अधिकारियों और कृषि विभाग के पदाधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों से उर्वरकों की अवैध तस्करी रोकने तथा खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान दोनों विभागों के अधिकारियों ने उर्वरकों की अवैध आवाजाही पर नजर रखने, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी साझा करने तथा आपसी समन्वय और सहयोग को मजबूत बनाने पर जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान होने से उर्वरकों की तस्करी पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकता है।

बैठक के बाद कृषि विभाग की टीम ने सिकटा क्षेत्र में संचालित उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली गई। साथ ही बीज वितरण कार्यों की भी समीक्षा की गई, ताकि किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
इसके अलावा कृषि विभाग के पदाधिकारियों ने खेतों में कृषि कार्य कर रहे किसानों से बातचीत की। किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्हें जैविक खाद के उपयोग, खेती की बेहतर तकनीकों और कृषि उत्पादन को बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी बताया तथा योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।
कृषि विभाग की इस पहल का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में उर्वरकों की कालाबाजारी और अवैध तस्करी पर रोक लगाने के साथ-साथ किसानों को समय पर कृषि संसाधन उपलब्ध कराना एवं टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना है। SSB और कृषि विभाग के बीच बेहतर समन्वय से सीमावर्ती क्षेत्र में उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।