Etawah News: गोपाष्टमी पर सिद्ध गुफा गौशाला में हुआ भव्य गौ-पूजन, आरती-वंदन के साथ किया गौसेवा का संकल्प
ब्यूरो संवाददाता
इटावा। समाजसेवा को समर्पित भारत विकास परिषद इटावा तुलसी द्वारा गोपाष्टमी के पावन अवसर पर सिद्ध गुफा गौशाला में भव्य गौ-पूजन एवं गौसेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिषद के अध्यक्ष डॉ. कैलाश चन्द्र यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन अनीता सिंह एवं शमीम बेगम के संयोजन में भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान परिषद के सदस्यों ने विधि-विधान से गौ माता का तिलक कर, माला पहनाकर पूजन-अर्चन किया। इसके उपरांत सामूहिक रूप से गौ माता की आरती एवं वंदना की गई। सभी सदस्यों ने गौसेवा का संकल्प लेते हुए गौशाला में गायों को गुड़, हरा चारा एवं अन्य पौष्टिक आहार खिलाया। साथ ही गौशाला की साफ-सफाई और गौवंश की देखभाल में भी सहयोग किया।
इस अवसर पर परिषद के वरिष्ठ सदस्य प्रीतम खन्ना ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं की आधारशिला हैं। गोपाष्टमी का पर्व हमें गौ रक्षा, गौसेवा और भारतीय संस्कारों के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। शास्त्रों में गौ माता की सेवा को मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम बताया गया है।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष डॉ. कैलाश चन्द्र यादव, सचिव डॉ. ध्रुव कुमार गुप्ता, श्याम किशोर गुप्ता, विश्व बन्धु, प्रीतम खन्ना, अनीता सिंह, शमीम बेगम, अनीता वर्मा, अरुण कुमार, अंजू चौधरी एवं पंकज कुमार सिंह चौहान सहित परिषद के अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन पर शाखा के पदाधिकारियों द्वारा सक्रिय समाजसेवा एवं सराहनीय योगदान के लिए सदस्य श्याम किशोर गुप्ता को सम्मानित किया गया। अंत में सभी सदस्यों ने गौ माता की आरती कर देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान संपूर्ण गौशाला परिसर भक्तिमय एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण से सराबोर रहा।
गौसेवा का संदेश:
गायों की सेवा करो, रोज नवाओ शीश।
खुश होकर देंगी तुम्हें, वे लाखों आशीष॥