Bihar News : बेतिया में 19-20 नवंबर को होगा राज्य स्तरीय सेपकटाकरा टूर्नामेंट, नौ प्रमंडलों के 150 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

IMG-20261118-WA0048
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह

बेतिया/पश्चिमी चंपारण। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया में खेल प्रतिभाओं का शानदार संगम देखने को मिलेगा। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, पश्चिमी चंपारण के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिक खेल कार्यक्रम के तहत 19 एवं 20 नवंबर 2026 को राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल सेपकटाकरा खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

प्रतियोगिता खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन, बेतिया में आयोजित होगी। इसमें राज्य के विभिन्न प्रमंडलों के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।

इस प्रतियोगिता में तिरहुत, पटना, कोसी, मुंगेर, सारण, पूर्णिया, मगध, दरभंगा एवं भागलपुर सहित बिहार के नौ प्रमंडलों के खिलाड़ियों के साथ एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। आयोजन में लगभग 150 खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।

IMG 20261118 WA0048

आयोजन को लेकर प्रशासन ने तेज की तैयारियां
प्रतियोगिता के सफल संचालन एवं तकनीकी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना की ओर से आठ तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। ये तकनीकी पदाधिकारी पटना, वैशाली, पूर्वी चंपारण सहित विभिन्न जिलों से आएंगे। प्रतियोगिता के दौरान खेल संचालन, नियमों के अनुपालन एवं अन्य तकनीकी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

वहीं, प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त ने प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्रतियोगिता से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि खिलाड़ियों एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मेडिकल, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने सिविल सर्जन को आयोजन स्थल पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम एवं प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि प्रतियोगिता के दौरान किसी खिलाड़ी के चोटिल होने या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

वहीं, नगर आयुक्त, नगर निगम, बेतिया को आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल एवं फॉगिंग की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर को प्रतियोगिता के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा जिला शिक्षा पदाधिकारी को उद्घाटन समारोह के अवसर पर स्वागत गान की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रतियोगिता के दौरान प्राप्त होने वाले परिवादों की निष्पक्ष सुनवाई एवं समाधान के लिए जूरी ऑफ अपील समिति का भी गठन किया गया है।

IMG 20261118 WA0049

खिलाड़ियों के ठहरने और खेल मैदान की व्यवस्था पूरी
इस संबंध में प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन के मैदान के समीप सेपकटाकरा कोर्ट का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के आवासन के लिए भी खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन, बेतिया में समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन 19 नवंबर 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन, बेतिया में जिला प्रशासन की ओर से किया जाएगा।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा अपनी क्षमता दिखाने का मंच
दो दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के नौ प्रमंडलों के लगभग 150 खिलाड़ियों के जुटने से बेतिया में खेल का उत्साह देखने को मिलेगा। अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच होने वाली इस प्रतियोगिता से युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग की ओर से प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

Trending News