Bihar News :सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल में शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन आयोजित

IMG-20261002-WA0025
Share News

संवाददाता राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।

राजापाकर स्थित सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल के सभागार में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, उपस्थिति और सर्वांगीण विकास को लेकर शिक्षकों तथा अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक बिंदेश्वर प्रसाद सिंह ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ शिक्षक अमरेश कुमार ने किया। संगोष्ठी में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया।

संगोष्ठी के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक ने विद्यार्थियों की पढ़ाई से संबंधित प्रगति की जानकारी अभिभावकों के साथ साझा की। इस दौरान कमजोर विषयों में बच्चों की स्थिति, नियमित गृहकार्य, विद्यालय में उपस्थिति और परीक्षा परिणाम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ शिक्षक अमरेश कुमार ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई के प्रति घर पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से बच्चों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक शिक्षा, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय और परिवार के बीच निरंतर संवाद जरूरी है।

 

IMG 20261002 WA0017 scaled

छात्रों ने उठाया विषयवार शिक्षकों की कमी का मुद्दा
कार्यक्रम के दौरान दर्जनों छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में विषयवार शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया। छात्रों का कहना था कि मॉडल स्कूल तो बना दिया गया है, लेकिन सभी विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने कहा कि शिक्षकों की कमी को जल्द दूर किया जाना जरूरी है, ताकि उनकी पढ़ाई सुचारू रूप से चल सके और भविष्य प्रभावित न हो।

वहीं, अभिभावकों ने भी बच्चों की शिक्षा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और सुझावों को शिक्षकों के समक्ष रखा। विद्यालय प्रबंधन की ओर से अभिभावकों को आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं है। विद्यार्थियों में संस्कार, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसके लिए शिक्षक और अभिभावक दोनों की संयुक्त भूमिका जरूरी है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। अभिभावकों ने भी इस तरह के संवादात्मक कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के हित में उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की अपेक्षा जताई।

इस मौके पर मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल, पंचायत समिति सदस्य प्रसाद सिंह, मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभात कुमार चौधरी, शिवनाथ सिंह, प्रेम शंकर प्रसाद, विनोद पटेल, रामावतार साह, चतुर्भुज राय, विनोद राय, रविन्द्र राय, अनिल कुमार, शिव कुमार, संजीत राम, सीताराम राय, सतीश यादव और रविंद्र ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Trending News