संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
राजापाकर प्रखंड के सभी राजकीय मध्य विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं की त्रैमासिक परीक्षा शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में आयोजित की जा रही है।

इस संबंध में पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय, राजापाकर के प्रधानाध्यापक प्रभात कुमार चौधरी ने बताया कि त्रैमासिक परीक्षा 7 जुलाई से प्रारंभ हुई है, जो 13 जुलाई तक संचालित होगी। बुधवार को कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों की प्रथम पाली में विज्ञान तथा द्वितीय पाली में संगीत विषय की परीक्षा आयोजित की गई। वहीं गुरुवार को कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों की परीक्षा आयोजित होगी।
उन्होंने बताया कि सभी छात्र-छात्राओं की परीक्षा में उपस्थिति अनिवार्य है। परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के संबंध में विभागीय निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इधर, प्रखंड के सभी राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में भी प्रथम टर्मिनल परीक्षा चल रही है। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राजापाकर के प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय कुमार ने बताया कि कक्षा 9, 10, 11 एवं 12 के विद्यार्थियों की प्रथम टर्मिनल परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जा रही है। कक्षा 9 एवं 10 की परीक्षा संपन्न हो चुकी है, जबकि बुधवार को कक्षा 12 के विद्यार्थियों की गृह विज्ञान (होम साइंस) विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सम्पन्न हुई।
इस दौरान विद्यालय के शिक्षक केशव नारायण राय, बिंदेश्वर सिंह, धर्मेंद्र गुप्ता, हरिनंदन कुमार, दिनेश राय, मीना देवी, राजकुमार रवि सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं परीक्षा संचालन में सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।