संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण। बेतिया नगर निगम प्रशासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सार्वजनिक शौचालयों एवं अन्य सैरातों की बंदोबस्ती हेतु खुली डाक नीलामी की तिथियां घोषित कर दी हैं। इसकी जानकारी महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने दी।
महापौर ने बताया कि नगर आयुक्त द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार खुली बोली की प्रक्रिया 13, 14 एवं 15 जुलाई 2026 को प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे नगर निगम कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि यदि निर्धारित तिथियों पर बंदोबस्ती की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती है, तो इसके लिए 20, 22, 23, 27, 28 एवं 29 जुलाई 2026 को पुनः खुली बोली आयोजित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक इच्छुक संवेदक इसमें भाग ले सकें।
महापौर के अनुसार जिन सैरातों की बंदोबस्ती की जाएगी, उनमें सागर पोखरा एवं उत्तरवारी पोखरा में नौका परिचालन शुल्क, नगर निगम के विभिन्न भूखंड, हाट-सरैया तथा शहर के विभिन्न स्थानों पर संचालित सार्वजनिक शौचालय शामिल हैं। इनमें स्टेशन चौक, समाहरणालय परिसर, हरिवाटिका, शहीद पार्क, उत्तरवारी पोखरा, हरिजन टोली, कालीबाग ओपी सहित विभिन्न वार्डों के सार्वजनिक शौचालयों की शुल्क वसूली का अधिकार भी बंदोबस्ती के माध्यम से प्रदान किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शौचालयों की बंदोबस्ती एकमुश्त की जाएगी तथा बोली निर्धारित न्यूनतम सुरक्षित राशि एवं जमानत राशि के आधार पर ही स्वीकार की जाएगी। इच्छुक व्यक्ति विस्तृत जानकारी नगर निगम कार्यालय अथवा राज्य सरकार के ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल से प्राप्त कर सकते हैं।
महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि फरवरी 2026 से नगर निगम द्वारा सैरातों की बंदोबस्ती की प्रक्रिया लगातार संचालित की जा रही है। अधिकांश प्रमुख सैरातों की बंदोबस्ती पूरी हो चुकी है, जबकि सार्वजनिक शौचालयों, नौका परिचालन सहित कुछ सैरातों की बंदोबस्ती संवेदकों की अपेक्षाकृत कम भागीदारी के कारण अभी शेष है। इसी उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन पुनः खुली बोली की प्रक्रिया आयोजित कर रहा है।