Agra News : राजापाकर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन, 95 आवेदन प्राप्त, 80 का हुआ त्वरित निष्पादन

IMG-20261008-WA0121
Share News

संवाददाता राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।

तीन दिवसीय सेवा संकल्प अभियान के तीसरे एवं अंतिम दिन मंगलवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत प्रखंड कार्यालय राजापाकर के सभागार में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का जमीनी स्तर पर समाधान करना था।

शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने स्टॉल पर मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और आम नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं जरूरतों से संबंधित आवेदन विभागीय स्टॉल पर जमा किए। प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही गई।

IMG 20261008 WA0121 scaled

प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि सेवा सेतु शिविर के तीसरे एवं अंतिम दिन राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से 15, ग्रामीण विकास विभाग से 16, समाज कल्याण विभाग से 36, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से 17, श्रम संसाधन विभाग से एक तथा बिहार मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग से 10 आवेदन प्राप्त हुए।

उन्होंने बताया कि शिविर में कुल 95 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 80 आवेदनों को स्वीकृत किया गया है, जबकि 15 आवेदन लंबित हैं। लंबित आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका समाधान किया जाएगा।

स्वास्थ्य शिविर में जांच और नि:शुल्क दवा वितरण
सेवा सेतु शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर की ओर से भी स्टॉल लगाया गया था। यहां चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की तथा जरूरतमंदों के बीच नि:शुल्क दवाओं का वितरण किया। इसके अलावा शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आम लोगों को दी गई।

IMG 20261008 WA0120 scaled

बच्चों का कराया गया अन्नप्राशन
बाल विकास परियोजना के स्टॉल पर अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों के साथ उनकी माताएं भी शिविर में उपस्थित रहीं। प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह एवं सीडीपीओ मीरा कुमारी ने बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन की प्रक्रिया पूरी कराई।

शिविर के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग के स्टॉल पर आवेदन देने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर बीडीओ डॉ. सूर्य प्रताप सिंह, सीओ निशा यादव, बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार, सीडीपीओ मीरा कुमारी, विकास मित्र राजू कुमार, दिलीप कुमार, सरिता कुमारी, कुमारी पूजा, कंचन कुमारी, शोभा कुमारी, मिंटू कुमारी, अंजली कुमारी, आरती कुमारी, अंजना कुमारी, सरस्वती देवी सहित विभिन्न विभागों के कर्मी, पंचायत कर्मी, सेविका एवं एलएस मौजूद रहे।

Trending News