Lucknow News: माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों का अधियाचन 31 मई तक भेजना अनिवार्य

IMG-20261008-WA0112
Share News

रिपोर्ट: विजय कुमार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रदेश के राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में सीधी भर्ती के रिक्त पदों को समयबद्ध, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से भरने के लिए नई समय-सारणी निर्धारित की है। शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक वर्ष 1 अप्रैल तक उत्पन्न होने वाली सभी रिक्तियों की गणना कर हर हाल में 31 मई तक संबंधित भर्ती आयोगों को अधियाचन भेजना अनिवार्य होगा।

अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश के युवाओं को समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा माध्यमिक विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता है। नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के रिक्त पदों को समय से भरना और भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आगे बढ़ाना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिक्तियों की गणना और अधियाचन भेजने की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न किया जाए। निर्धारित समय-सीमा का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20261008 WA0112

सेवानिवृत्ति और अन्य कारणों से होती हैं रिक्तियां
सचिव, माध्यमिक शिक्षा किंजल सिंह ने शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश को जारी निर्देश में कहा है कि शैक्षिक सत्र की समाप्ति के साथ ही उस वर्ष की निर्धारित सेवानिवृत्तियां प्रभावी होती हैं। इसके अलावा स्थानांतरण, त्यागपत्र, मृत्यु और अन्य कारणों से भी विद्यालयों में पद रिक्त हो सकते हैं।

ऐसे में आगामी भर्ती प्रक्रिया के लिए रिक्तियों की समय से पहचान, उनका सही आकलन और संबंधित भर्ती आयोग को अधियाचन उपलब्ध कराना आवश्यक है। शासन का मानना है कि रिक्तियों की गणना और अधियाचन भेजने के लिए निश्चित वार्षिक कैलेंडर होने से भर्ती प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित की जा सकेगी।

1 अप्रैल की स्थिति के आधार पर होगी रिक्तियों की गणना
जारी व्यवस्था के अनुसार, विभाग प्रत्येक वर्ष 1 अप्रैल की स्थिति के आधार पर रिक्त पदों की गणना करेगा। इसके बाद संबंधित स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अधियाचन तैयार किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया को इस तरह संचालित किया जाएगा कि संबंधित भर्ती आयोग को निर्धारित समय-सीमा के भीतर रिक्त पदों का विवरण उपलब्ध कराया जा सके।

राजकीय विद्यालयों का अधियाचन UPPSC को
राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC), प्रयागराज को भेजा जाएगा। इसके लिए विभागीय स्तर पर रिक्तियों का सत्यापन और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अधियाचन निर्धारित समय के भीतर आयोग को उपलब्ध कराया जाएगा।

एडेड विद्यालयों के लिए शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजा जाएगा अधियाचन
वहीं, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के रिक्त पदों के लिए जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) के साथ समन्वय स्थापित कर रिक्तियों का विवरण तैयार किया जाएगा। इसके बाद इन पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराया जाएगा।

शासन ने स्पष्ट किया है कि राजकीय और एडेड माध्यमिक विद्यालयों में रिक्तियों से संबंधित पूरी प्रक्रिया प्रत्येक वर्ष 31 मई तक हर हाल में पूरी करनी होगी। इस व्यवस्था से जहां भर्ती प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है, वहीं शिक्षकों के रिक्त पदों को समय पर भरकर विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।

Trending News