Agra News :आगरा में सूर-पीठ की राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ, सूर साहित्य के नए शोध आयामों पर हुआ मंथन
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के के.एम. हिन्दी एवं भाषाविज्ञान संस्थान स्थित सूर-पीठ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला ‘सूर साहित्य: शोध-दृष्टि एवं नवाचार’ का शुभारंभ साहित्यिक एवं अकादमिक गरिमा के साथ हुआ। कार्यशाला के प्रथम दिन देश के प्रतिष्ठित विद्वानों ने सूर साहित्य के विभिन्न पक्षों, नवीन शोध आयामों तथा ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
प्रथम दिन आयोजित अकादमिक सत्र में प्रो. रामसनेही लाल शर्मा ‘यायावर’, डॉ. ब्रजराज सिंह (दयालबाग शिक्षण संस्थान) तथा डॉ. केशव शर्मा (के.एम.आई.) ने अपने व्याख्यान प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने कहा कि सूर साहित्य को केवल भक्ति और काव्य-सौंदर्य के पारंपरिक दृष्टिकोण तक सीमित रखने के बजाय समकालीन शोध-पद्धतियों और अंतर्विषयी दृष्टिकोण से समझने की आवश्यकता है।
सूर साहित्य में छिपे लोकजीवन और इतिहास को समझने पर जोर
व्याख्यानों के दौरान इस बात पर विशेष चर्चा हुई कि सूर साहित्य में शोध के नए विषय और संभावनाएं क्या हो सकती हैं। विद्वानों ने लगभग 450 वर्ष पूर्व ब्रज के लोकजीवन, सामाजिक संरचना, रहन-सहन, खान-पान, लोकाचार और सांस्कृतिक परिवेश को समझने के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
सूरदास के पदों में तत्कालीन ब्रज समाज की जो जीवन-छवियां दिखाई देती हैं, उनके आधार पर उस समय के सामाजिक एवं सांस्कृतिक इतिहास का पुनर्निर्माण किस प्रकार किया जा सकता है, इस विषय पर भी महत्वपूर्ण विचार रखे गए।
ब्रज संस्कृति के बदलते स्वरूप पर हुई चर्चा

कार्यशाला में ब्रज संस्कृति के ऐतिहासिक स्वरूप और वर्तमान परिस्थितियों के बीच तुलनात्मक अध्ययन की संभावनाओं को भी रेखांकित किया गया। बदलते सामाजिक परिवेश, लोक परंपराओं, सांस्कृतिक व्यवहारों, भाषा, लोकगीतों तथा धार्मिक-सांस्कृतिक मान्यताओं में आए बदलावों को सूर साहित्य के संदर्भ में समझने पर बल दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि सूरदास के काव्य में अभिव्यक्त लोकजीवन आज के ब्रज की सांस्कृतिक पहचान को समझने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
आधुनिक शोध पद्धतियों को अपनाने पर बल
कार्यशाला में सूर साहित्य के अध्ययन के लिए लोक-संस्कृति, समाजभाषाविज्ञान, इतिहास, नृविज्ञान, प्रदर्शनकारी कलाओं तथा डिजिटल ह्यूमैनिटीज जैसी अंतर्विषयी शोध-दृष्टियों को अपनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
विद्वानों ने सूर साहित्य में निहित लोकानुभव, प्रकृति-बोध, मानवीय संवेदना, स्त्री-जीवन, सामाजिक संबंधों और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों के अध्ययन को नए शोध निष्कर्षों तक पहुंचने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
शिक्षक एवं शोधार्थियों ने किया संवाद
इस अवसर पर शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों के अतिरिक्त डॉ. राजकुमार, डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, श्री अनुपम श्रीवास्तव, डॉ. अनिता सिंह, डॉ. पूनम, डॉ. प्रमोद, नीरव, कांत, अजय, सूर्यमणि सहित अनेक शिक्षक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।
प्रतिभागियों ने आमंत्रित विद्वानों के साथ संवाद किया तथा सूर साहित्य के अध्ययन, अनुसंधान के नए विषयों और शोध की आधुनिक पद्धतियों से जुड़े विभिन्न प्रश्नों पर विचार-विमर्श किया।
शोधपरक गतिविधियों को नई दिशा दे रही सूर-पीठ
उल्लेखनीय है कि माननीय कुलपति के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से सूर-पीठ अपने साहित्यिक एवं सांस्कृतिक उद्देश्यों के साथ-साथ शोधपरक गतिविधियों को भी निरंतर विस्तार दे रही है। सूर साहित्य और ब्रज की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक विरासत को नए अकादमिक संदर्भों में स्थापित करना तथा युवा शोधार्थियों को अनुसंधान के नए अवसर उपलब्ध कराना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यशाला की संयोजक एवं सूर-पीठ की समन्वयक डॉ. नीलम यादव ने कहा कि इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य सूर साहित्य के अध्ययन को नवीन शोध-दृष्टियों से जोड़ना और युवा शोधार्थियों को शोध के नए विषयों, पद्धतियों एवं संभावनाओं से परिचित कराना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस कार्यशाला के माध्यम से सूर साहित्य और ब्रज की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक विरासत पर नए शोध की संभावनाएं विकसित होंगी।
तीन दिवसीय यह राष्ट्रीय कार्यशाला सूर साहित्य के पुनर्पाठ, ब्रज संस्कृति की ऐतिहासिक समझ और समकालीन शोध-प्रवृत्तियों के बीच सार्थक अकादमिक संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।