Agra News :आगरा के गणेश रामनगर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में संविधान दिवस पर भव्य कार्यक्रम, छात्राओं ने प्रस्तुत की आकर्षक स्किट
आगरा, 27 नवंबर 2026। गणेश रामनगर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने भारतीय संविधान के निर्माण, संविधान सभा की ऐतिहासिक भूमिका और संविधान से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को आकर्षक नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा 11वीं ‘C’ की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत शिक्षाप्रद स्किट रही। इसके माध्यम से छात्राओं ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। छात्राओं ने संविधान सभा के सदस्यों के विचारों एवं भाषणों का नाट्य रूपांतरण किया। इसके साथ ही संविधान पर हस्ताक्षर करने के ऐतिहासिक दृश्य का भी सजीव मंचन किया गया।
महात्मा गांधी के विचारों एवं भाषण की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। वहीं संविधान सभा के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक क्षणों पर आधारित वीडियो के प्रदर्शन ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण की प्रक्रिया और उसके महत्व से परिचित कराया।

कार्यक्रम का समापन देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत गीत ‘सारे जहाँ से अच्छा’ की मधुर प्रस्तुति के साथ हुआ। इस गीत को साक्षी राठौर ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में सिद्धि शर्मा, आस्था, कशिश, जिया, साक्षी चौधरी, याम्या, सिमर, नित्या, तनीष्का, जानवी एवं ज्योति सहित अन्य छात्राओं ने विभिन्न महत्वपूर्ण भूमिकाओं का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती चारु पटेल ने सभी प्रतिभागी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्राओं को संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल देश का सर्वोच्च कानून ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का बोध कराने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज भी है।
कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन श्रीमती अनामिका पाराशर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर छात्राओं ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, जागरूकता और देशभक्ति का संदेश दिया।