संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली। महिला दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति, राजापाकर दक्षिणी के परिसर में शनिवार को वैशाली पाटलिपुत्र दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, पटना की ओर से जनकल्याण एवं पशु कल्याण सहायता राशि वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों से जुड़े महिला एवं पुरुष दुग्ध उत्पादक सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पटना डेयरी के प्रबंध निदेशक रूपेश राज तथा संघ के अध्यक्ष संजय कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान समिति के पात्र सदस्यों को जनकल्याण एवं पशु कल्याण योजना के तहत सहायता राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि समिति से जुड़े दुग्ध उत्पादकों के पशु की मृत्यु होने पर ₹25 हजार तथा समिति के नामित सदस्य पशुपालक की मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को ₹1 लाख की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसी योजना के तहत इस शिविर में वैशाली जिले के सभी प्रखंडों के लाभुकों के बीच कुल ₹15.50 लाख की सहायता राशि का वितरण किया गया।
उन्होंने बताया कि 9 दिवंगत पशुपालकों के आश्रितों को ₹1-1 लाख की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया, जबकि 26 पशुपालकों, जिनके पशुओं की मृत्यु हुई थी, उन्हें ₹25-25 हजार की आर्थिक सहायता दी गई। यह लाभ केवल उन समिति सदस्यों को दिया जाता है, जिन्होंने कम से कम 180 दिनों (6 माह) तक नियमित रूप से समिति को दूध उपलब्ध कराया हो।
कार्यक्रम में राजापाकर दक्षिणी पंचायत के कृषि सलाहकार देवेंद्र प्रसाद सिंह को उनकी पत्नी स्वर्गीय सावित्री देवी के निधन के उपरांत ₹1 लाख की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। स्वर्गीय सावित्री देवी महिला दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति की सक्रिय सदस्य थीं।
इस मौके पर अध्यक्ष संजय कुमार, प्रबंध निदेशक रूपेश राज, डॉ. अजय कुमार राय, अवधेश चौधरी, अमिताभ नंदन, प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, हरि नारायण राय, समिति अध्यक्ष अनीता देवी, सचिव सुजाता देवी, सीताराम सिंह, देवेंद्र प्रसाद सिंह, बिंदेश्वर राय, तपसी प्रसाद सिंह, मुख्तार सिंह, शिवनाथ सिंह, फकीरा सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष दुग्ध उत्पादक किसान उपस्थित रहे।