Ambedkar Nagar News :अम्बेडकर नगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 52 जोड़ों ने लिए सात फेरे
संवाददाता: मदन गोपाल
अम्बेडकर नगर। जनपद अम्बेडकर नगर के विकास खंड भियांव अंतर्गत जगरदेव बाबा सद्भावना मैरिज हॉल, बंदीपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस समारोह में जिले के तीन विकास खंडों भियांव, जलालपुर और जहांगीरगंज के कुल 52 जोड़ों ने विवाह के बंधन में बंधकर सात फेरे लिए और एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में उत्साह देखने को मिला। सामूहिक विवाह समारोह का उद्देश्य विवाह योग्य पात्र जोड़ों का विवाह संपन्न कराकर उन्हें नए जीवन की शुरुआत के लिए सहयोग प्रदान करना है।
पूर्व सांसद रितेश पाण्डेय रहे मुख्य अतिथि
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पूर्व सांसद रितेश पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि भियांव के ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों की उपस्थिति में विवाह समारोह संपन्न हुआ।
प्रशासनिक अधिकारियों ने निभाई जिम्मेदारी
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी जलालपुर, खंड विकास अधिकारी भियांव, खंड विकास अधिकारी जलालपुर, खंड विकास अधिकारी जहांगीरगंज तथा सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) चंद्रभूषण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में अपना योगदान दिया। तीन विकास खंडों के 52 जोड़ों का विवाह संपन्न होने के साथ समारोह का समापन हुआ।