Prayagraj News: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया कबीर स्मृति भवन का शिलान्यास, केशव मौर्य बोले- डबल इंजन सरकार में विकास को मिली गति
संवाददाता विजय कुमार
लखीमपुर खीरी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि संतों की वाणी समाज में समरसता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को मजबूत करती है। संत कबीर साहब की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को समानता, विवेक तथा आपसी भाईचारे का संदेश देती हैं। उन्होंने यह बात बुधवार को संत श्री असंगदेव जी महाराज के 60वें अवतरण दिवस के अवसर पर आयोजित कबीर महोत्सव एवं कबीर स्मृति भवन के भूमि पूजन समारोह में कही। इस दौरान उन्होंने कबीर स्मृति भवन का शिलान्यास किया और संत परंपरा के सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान की सराहना की।

संत कबीर की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक: ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि संत कबीर साहब ने अपनी निर्भीक वाणी के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों, पाखंड और जातिगत भेदभाव पर प्रहार किया। उनकी शिक्षाएं समानता, विवेक और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देती हैं। संत कबीर ने अपने विचारों के माध्यम से समाज को रूढ़ियों से बाहर निकलने और मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
कहा कि लोकतंत्र में विचारों की भिन्नता स्वाभाविक है, लेकिन सहमति और उन्होंनेअसहमति दोनों का सम्मान किया जाना चाहिए। अपनी बात रखते समय संयम, मर्यादा और विवेक बनाए रखना आवश्यक है। संत कबीर की वाणी हमें यही सीख देती है कि समाज में संवाद और आपसी सम्मान की भावना बनी रहनी चाहिए।
ओम बिरला ने संत श्री असंगदेव जी महाराज के योगदान की

सराहना करते हुए कहा कि संतों का सान्निध्य व्यक्ति को नैतिकता, संयम और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। गांव-गांव तक संत कबीर के विचारों और उनके जीवन दर्शन को पहुंचाने का प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
2047 तक विकसित और शक्तिशाली राष्ट्र बनेगा भारत: केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ बिना भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रही है।
से पहले के उत्तर प्रदेश की तुलना में आज विकास और सुशासन की तस्वीर बदली है। देश में विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और सरकार का लक्ष्य प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। भारत लगातार प्रगति कर रहा है और आने वाले वर्षों में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने विकास और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई का भी उल्लेख किया।
सरकारी जमीन पर कब्जे के बजाय बच्चों की शिक्षा पर दें ध्यान: स्वतंत्र देव सिंह

कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सरकारी जमीन, नालियों और पोखरों पर कब्जा करने के बजाय लोगों को बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और आने वाली पीढ़ी को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की अपील की।
संत-महात्माओं और जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कबीर महोत्सव एवं कबीर स्मृति भवन के शिलान्यास समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री एवं प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी, विधायक योगेश वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी, शशांक वर्मा, अमन गिरी और रोमी साहनी सहित भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता मौजूद रहे।

इसके अलावा विभिन्न राज्यों से आए संत-महात्माओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। समारोह में संत कबीर की शिक्षाओं, सामाजिक समरसता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ हुआ।