Bihar News : राजापाकर में दिव्यांग बच्चों के लिए जांच सह मूल्यांकन शिविर आयोजित, 57 बच्चों की हुई जांच
संवाददाता राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
प्रखंड संसाधन केंद्र, राजापाकर के परिसर में समावेशी शिक्षा संभाग के अंतर्गत 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग छात्र-छात्राओं को लाभान्वित करने के उद्देश्य से जांच सह मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दिव्यांग बच्चों की स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिन्हित किया गया।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के कुल 57 छात्र-छात्राओं की जांच की गई। जांच के दौरान 44 बच्चों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण एवं सुविधाओं के लिए चिन्हित किया गया।
उन्होंने बताया कि 7 बच्चों को तीन पहिया साइकिल, 7 बच्चों को व्हीलचेयर और 13 बच्चों को कान की मशीन के लिए चिन्हित किया गया है। इसके अलावा 13 मानसिक मंदबुद्धि बच्चों को एमआर किट उपलब्ध कराया जाएगा। सभी चिन्हित बच्चों के लिए आवश्यक उपकरण कानपुर से मंगाकर निशुल्क वितरित किए जाएंगे।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की बच्चों की जांच
शिविर में सदर अस्पताल हाजीपुर के ईएनटी चिकित्सक डॉ. सुमित कुमार तथा अनुमंडल अस्पताल महुआ की आई स्पेशलिस्ट डॉ. नेहा कुमारी ने दिव्यांग बच्चों की जांच की।
इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर के डॉ. एसपी उपाध्याय और डॉ. सतीश कुमार वर्मा, पीएचसी महुआ के चिकित्सक डॉ. अमर कुमार तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधी रंजन कुमार उपस्थित रहे।
शिविर में दिव्यांग बच्चों के लिए आवश्यक उपकरणों के मूल्यांकन को लेकर विशेष जांच दल भी मौजूद रहा। जांच दल द्वारा बच्चों की जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए उनका मूल्यांकन किया गया।
जांच दल में डॉ. राकेश कुमार, संतोष कुमार मिश्रा, वीरेंद्र सिंह यादव, दीपांकर सिंह और प्रेमसागर शामिल रहे।
शिविर के आयोजन में स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर के स्वास्थ्य कर्मियों अनिल कुमार दुबे, नरेंद्र कुमार, बंसी लाल यादव, संतोष कुमार तिवारी और प्रमोद कुमार सिंह सहित अन्य कर्मियों ने सहयोग प्रदान किया।
शिविर का उद्देश्य दिव्यांग छात्र-छात्राओं की आवश्यकताओं का मूल्यांकन कर उन्हें उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना तथा समावेशी शिक्षा के माध्यम से उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।