Bihar News : राजापाकर में प्रधानाध्यापकों की बैठक, पीएम सूर्य घर योजना के प्रचार-प्रसार पर जोर

Share News

राजापाकर में प्रधानाध्यापकों की बैठक, पीएम सूर्य घर योजना के प्रचार-प्रसार पर जोर

IMG-20260812-WA0028
Share News

संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।

राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राजापाकर के परिसर में प्रखंड क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने की। बैठक में विद्यालयों से जुड़े विभिन्न विषयों के साथ पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में शिक्षकों को विस्तृत जानकारी दी गई और योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई।

IMG 20260812 WA0028

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना केंद्र सरकार की योजना है, जिसके तहत घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगवाने के लिए पात्र उपभोक्ताओं को केंद्रीय सब्सिडी दी जाती है। उन्होंने बताया कि 1 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाने पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सिस्टम पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की केंद्रीय वित्तीय सहायता का प्रावधान है।

उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और उनके बिजली खर्च को कम करने में मदद करना है। रूफटॉप सोलर सिस्टम से आवश्यकता से अधिक बिजली का उत्पादन होने पर निर्धारित नियमों के अनुसार अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजा जा सकता है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ भी मिल सकता है।

बीडीओ ने बताया कि योजना का लाभ मुख्य रूप से घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए है। इसके लिए आवेदक के पास संबंधित बिजली वितरण कंपनी का घरेलू बिजली कनेक्शन होना चाहिए। साथ ही, सोलर पैनल लगाने के लिए घर की छत पर पर्याप्त एवं उपयुक्त स्थान होना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि योजना के लिए सरकार की ओर से ऑनलाइन राष्ट्रीय पोर्टल उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से पात्र उपभोक्ता आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों से अपने विद्यालयों के माध्यम से आम लोगों को योजना की जानकारी देने तथा पात्र परिवारों को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

बैठक में उपस्थित प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने योजना की जानकारी को आम लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने का आश्वासन दिया। बैठक में विद्यालय से संबंधित अन्य आवश्यक विषयों पर भी चर्चा की गई।

Trending News