Etawah News: भारत विकास परिषद तुलसी ने आयोजित की भाषण प्रतियोगिता, अमृता सिंह रहीं प्रथम
ब्यूरो संवाददाता
इटावा : भारत विकास परिषद, शाखा तुलसी, इटावा के तत्वावधान में सांस्कृतिक पखवाड़े के अंतर्गत पानकुँवर इंटरनेशनल स्कूल, मानिकपुर बाईपास, इटावा में भव्य भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “ए.आई. (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) की शिक्षा में भागीदारी एवं स्मार्टफोन में सोशल मीडिया की आधुनिक शिक्षा में उपयोगिता” रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम संयोजक एवं शाखा अध्यक्ष डॉ. कैलाश चन्द्र यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
स्मार्टफोन और किताबों के बीच संतुलन जरूरी: डॉ. कैलाश चन्द्र यादव
विद्यालय प्रबंधक, शाखा अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि डॉ. कैलाश चन्द्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आज बच्चों से मोबाइल छीनने की जरूरत नहीं है, बल्कि उन्हें स्मार्टफोन और किताबों के बीच सही संतुलन बनाना सिखाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी तकनीक का उपयोग करे, लेकिन मोबाइल और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति भी सजग रहे। बच्चों को तकनीक का आदी बनने से बचना चाहिए।
विद्यार्थियों ने रखे तकनीक के पक्ष और विपक्ष में तर्क
प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा सोशल मीडिया की शैक्षिक उपयोगिता पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने बताया कि ए.आई. शिक्षा को अधिक रोचक, सरल और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने में सहायक हो रहा है। स्मार्टफोन केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि ज्ञान प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
विद्यार्थियों ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कौशल विकास और वैश्विक स्तर पर संपर्क स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। साथ ही, उन्होंने इसके दुरुपयोग से होने वाले नुकसान के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
अमृता सिंह प्रथम, उत्तम तिवारी द्वितीय और तान्या तृतीय
निर्णायक मंडल ने विषय की समझ, भाषा शैली और प्रस्तुतीकरण के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में अमृता सिंह ने प्रथम, उत्तम तिवारी ने द्वितीय तथा तान्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।