Agra News : शादी से एक सप्ताह पहले उठी युवक की अर्थी, डीजे विवाद में पीट-पीटकर हत्या से मचा हड़कंप
संवाददाता पंकज कुमार | आलापुर, अंबेडकरनगर।
अंबेडकरनगर। जनपद के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बनकटा बुजुर्ग गांव में डीजे बजाने को लेकर हुआ विवाद एक युवक की मौत का कारण बन गया। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक के सिर पर पीछे से डंडे से जानलेवा हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सोमवार को युवक का शव नदी किनारे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान बनकटा बुजुर्ग गांव निवासी पिंटू कुमार गौतम पुत्र स्वर्गीय लालचंद गौतम के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की रात घाट पर डीजे बजाने को लेकर पिंटू कुमार गौतम का दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान किसी ने पीछे से उसके सिर पर डंडे से जोरदार प्रहार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

सोमवार को नदी किनारे युवक का शव मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राजेसुल्तानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, एक सप्ताह बाद बजनी थी शहनाई
इस दर्दनाक घटना ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। पिंटू कुमार गौतम की शादी महज एक सप्ताह बाद होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार के लोग विवाह को लेकर उत्साहित थे और घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन किसे पता था कि जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम छा जाएगा।
परिजनों के मुताबिक कुछ समय पहले ही पिंटू के पिता का निधन हो चुका था। पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी पिंटू के कंधों पर थी। वह परिवार का सहारा बना हुआ था। लेकिन उसकी असमय मौत ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। जिस युवक के सिर पर सेहरा सजने वाला था, उसी की अर्थी उठने से पूरे गांव की आंखें नम हैं।
आरोपितों की तलाश में पुलिस की दबिश

इस संबंध में राजेसुल्तानपुर थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि रविवार की रात डीजे बजाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। युवक की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना से बनकटा बुजुर्ग गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में एक सप्ताह बाद शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा है। परिवार के लोगों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।