संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिम चंपारण। जमीन खरीदने के नाम पर फर्जी गोल्ड लोन के दस्तावेज दिखाकर करीब 10.80 लाख रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पश्चिम चंपारण पुलिस ने झारखंड के देवघर से गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, कालीबाग थाना क्षेत्र के पक्की फुलवारी, उतरवारी पोखरा निवासी संतोष यादव ने लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने फर्जी नाम और फर्जी पहचान पत्र के माध्यम से उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने स्वयं को जमीन का सक्षम खरीदार बताते हुए फर्जी गोल्ड लोन (Gold Loan) से संबंधित दस्तावेज दिखाए और उनका विश्वास जीतकर जमीन खरीदने के नाम पर लगभग 10 लाख 80 हजार रुपये की ठगी कर ली।
इस संबंध में कालीबाग थाना कांड संख्या-184/25 दर्ज कर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए अनुसंधान शुरू किया। पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम के निर्देश पर तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर टीम ने झारखंड के देवघर जिले के नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी की। नगर थाना, देवघर के सहयोग से की गई कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा मामले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में इजाजुल खान उर्फ सुरेश पाण्डेय (64 वर्ष), मिंटू खान उर्फ विशाल सिंह (29 वर्ष) तथा शेर खान उर्फ अरमान खान (31 वर्ष) शामिल हैं। तीनों झारखंड के जामताड़ा जिले के आसन हरिया, नवाडीह के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से भारत सरकार के नाम से तैयार दो फर्जी स्वर्ण बॉण्ड-1998, एक स्वर्ण बॉण्ड क्रय प्रमाण-पत्र/रसीद, पांच मोबाइल फोन, काले रंग की XUV-500 (रजिस्ट्रेशन संख्या JH10AX-3275) तथा चार एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) अजीत कुमार, कालीबाग थानाध्यक्ष अजय कुमार चौधरी, अनुसंधानकर्ता परशुराम कुमार, नगर थाना देवघर के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी तथा कालीबाग थाना के सिपाही मिलन कुमार शामिल रहे।
पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।