संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली। राजापाकर अंचल कार्यालय में शनिवार को भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अंचलाधिकारी निशा यादव ने की।
शिविर में भूमि विवाद से संबंधित कई फरियादी अपने-अपने आवेदन लेकर पहुंचे। अंचलाधिकारी ने कुल सात आवेदनों की सुनवाई की, जिनमें से तीन मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। वहीं शेष चार मामलों में संबंधित पक्षों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ अगली निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।
शिविर के दौरान दामोदरपुर निवासी रघुवीर सिंह के भूमि विवाद का निष्पादन किया गया। वहीं गंगाजल गांव निवासी नसीबी लाल राय के रास्ते से जुड़े विवाद में अंचलाधिकारी ने संबंधित राजस्व कर्मचारियों को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
हरपुर मुकुंद निवासी रामदयाल कुमार बनाम चौधरी बैठा के भूमि विवाद की भी सुनवाई की गई। इस मामले में दोनों पक्षों को अगली तिथि पर अपने-अपने मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान कई लोगों ने म्यूटेशन एवं परिमार्जन कार्य में हो रही देरी की शिकायत भी की। अंचलाधिकारी ने बताया कि संबंधित हल्का के राजस्व कर्मचारी की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही म्यूटेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं परिमार्जन के लिए आवेदकों को साइबर कैफे के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी गई। उन्होंने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद राजस्व कर्मचारी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे, जिसके आधार पर अभिलेखों में आवश्यक संशोधन किया जाएगा।
शिविर में डाटा एंट्री ऑपरेटर विनीत कुमार बिट्टू, मुकेश कुमार, विकास कुमार, राहुल कुमार, रवीश चंद्र चटर्जी, रंजीत प्रसाद, बच्चा बाबू सिंह, संजीत कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। संबंधित पुलिस अधिकारी ने भी विवादित स्थलों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।