Agra News : प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल आगरा में जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस समारोह, भक्ति के साथ शिक्षकों का हुआ सम्मान

IMG-20260907-WA0014
Share News

आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल आगरा के सभागार में 7 सितंबर 2026 को श्रीकृष्ण प्राकट्योत्सव एवं शिक्षक दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जहां जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और उनकी शिक्षाओं को याद किया गया, वहीं शिक्षक दिवस पर शिक्षकों के योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित करते हुए उनका सम्मान किया गया।

जन्माष्टमी की विशेष प्रार्थना सभा का मंच संचालन कक्षा 11वीं के छात्र कैफ़ शम्सी एवं देवांशी सिंह ने किया। अतिथियों के स्वागत के बाद कक्षा 12वीं की छात्रा पवित्रा बंसल ने जन्माष्टमी के आध्यात्मिक महत्व, भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाओं पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए।

इसके बाद विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता एवं श्रीमती सुनीता गुप्ता तथा प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल ने भगवान श्रीकृष्ण का पूजन किया। ‘आरती कृष्ण मुरारी की’ की मधुर धुन से पूरा सभागार भक्तिमय हो गया।

IMG 20260907 WA0014

नवांकुर विंग के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं एंड्रोमेडा हाउस के विद्यार्थियों ने कृष्ण लीला पर आधारित लघु नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर भगवान श्रीकृष्ण के जीवन की विभिन्न लीलाओं को जीवंत कर दिया। इसके बाद आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के उत्साह को चरम पर पहुंचा दिया।
इस अवसर पर निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गीता में दिए गए उपदेश आज भी हम सभी के लिए अनुकरणीय हैं। उनका जीवन मानवता के लिए प्रेरणादायी जीवन दर्शन प्रस्तुत करता है। एंड्रोमेडा सदन की कैप्टन यश्वी गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रसाद वितरण के साथ जन्माष्टमी की प्रार्थना सभा का समापन हुआ।

देशी ब्लिंग’ थीम पर शिक्षक दिवस समारोह
जन्माष्टमी के भक्तिमय वातावरण के बाद शिक्षक दिवस समारोह “देशी ब्लिंग : सेलिब्रेटिंग विजडम इन स्टाइल” थीम के साथ आयोजित किया गया। मंच संचालक अर्ज रागिनी, यथार्थ जग्गी, नमन गुप्ता एवं देवांशी सिंह ने प्रभावशाली अंदाज में अतिथियों और शिक्षकों का स्वागत किया। राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
विद्यालय की छात्रा प्रमुख अर्शिया मखीजा एवं प्रेम गजाला ने शिक्षक दिवस के महत्व और शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता एवं श्रीमती सुनीता गुप्ता, प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल तथा मुख्य शैक्षणिक संयोजिका ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल ने शिक्षकों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता हैं और देश के भविष्य को दिशा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

IMG 20260907 WA0005

कार्यक्रम में छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रों ने आधुनिक बॉलीवुड स्किट प्रस्तुत कर कार्यक्रम में मनोरंजन का रंग भर दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने शिक्षकों को गरिमामयी एवं मनोरंजक उपाधियों से सम्मानित किया। शिक्षकों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक किसी भी समाज का आधार होते हैं। वे देश के भावी कर्णधारों को केवल शिक्षित ही नहीं करते, बल्कि उन्हें संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की छात्र परिषद के डिप्टी हेड बॉय श्लोक सेठ ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस प्रकार प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में आयोजित जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस समारोह भक्ति, संस्कृति, मनोरंजन और शिक्षक सम्मान के सुंदर संगम के रूप में संपन्न हुआ।

Trending News